महेन्द्र कपूर के गुरु थे मोहम्मद रफी

महेन्द्र कपूर के गुरु थे मोहम्मद रफी

लंदन। सदाबहार गीतों के गायक महेन्द्र कपूर महान गायक मोहम्मद रफी को अपना गुरु बनाया था, जिन्होंने अपनी तमाम व्यस्तताओं के बावजूद उन्हें गायकी की तालीम दी। बीते दिनों के प्रसिद्ध गायक महेन्द्र कपूर ने अपने इंतकाल से कुछ दिन पूर्व दिए गए एक साक्षात्कार में कहा था कि उनका और मोहम्मद रफी का रिश्ता वैसा ही था जैसा उस्ताद और शागिर्द का होता है और उन्होंने अपनी व्यस्तताओं के बावजूद तालीम दिया।

बीबीसी को दिए गए इस साक्षात्कार में महेन्द्र कपूर ने कहा कि जब मैं 13-14 साल का था, तब से मैं रफी साहब के पास जाया करता था। हालांकि रफी साहब बहुत व्यस्त थे, लेकिन जितना हो सकता है उन्होंने मुझे सिखाया। महेन्द्र कपूर का निधन पिछले महीने की 27 तारीख को हो गया था। महेन्द्र कपूर ने एक सवाल के जबाव में कहा कि मैं अब फिल्मों में इसलिए नहीं गाता क्योंकि मुझे ऐसा नहीं लगता कि मुझे इन फिल्मों में गाना चाहिए। मुझे लगता है कि मैं अब फिल्मों में गाने नहीं गाकर कुछ मिस नहीं कर रहा हूं। मुझे तो आज ऐसा कोई भी संगीतकार दिखाई नहीं देता जिसके लिए गाने का मन होता हो। आज के गीत-संगीत को मैं अच्छा नहीं मानता। महेन्द्र कपूर ने अपने समय में गीत-संगीत के बारे में कहा कि आजकल जिस तरह का संगीत बन रहा है उसे देखकर मुझे फिल्मों में गाने का मन नहीं करता। हमारे समय में गायन बहुत मुश्किल काम था, लेकिन अब तो वैसा माहौल ही नहीं रहा।

महेन्द्र कपूर ने अपने गायन कैरियर की शुरुआत में बारे में बताया कि जब मैं छोटा था तब एक राष्ट्रीय प्रतियोगिता हुई थी। किस्मत की बात थी कि उसमें मैं चुना गया था। उसमें पांच जज थे, जिसमें सी रामचन्द्र, मदन मोहन, नौशाद और अनिल बिश्वास शामिल थे। जब मुझे चुना गया, तो इन संगीतकारो ने वायदा किया मुझे गाने के लिए एक-एक गाने देंगे। यह खुशकिस्मती थी कि वे गाने सुपरहिट हो गए और कारवां चल निकला। महेन्द्र कपूर अपने गाए गीतों में से सबसे अधिक पसंद जिन गीतों को करते थे, उनमें चलो इक बार फिर से.., नीले गगन के तले.., अंधेरे में जो बैठे हैं.., लाखों है यहां दिलवाले.. तथा और नहीं बस और नहीं.. आदि प्रमुख हैं।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:4
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित