सरोज ने किया नृत्य में बहुआयामी प्रयोग

सरोज ने  किया नृत्य में बहुआयामी प्रयोग

22 नवंबर को जन्मदिन पर विशेष..

नई दिल्ली। मिस्टर इंडिया, तेजाब, बेटा, वीर जारा, गुरू, हम दिल दे चुके सनम, देवदास जैसी फिल्मों के जरिए नृत्य निर्देशन की कला को एक नया आयाम प्रदान करने वाली सरोज खान को माधुरी दीक्षित वाली बात किसी और अदाकारा में नहीं दिखाई देती।

सरोज खान ने कहा कि मैंने कई अभिनेत्रियों के साथ काम किया है, लेकिन मुझे माधुरी दीक्षित वाली बात किसी और में नहीं दिखाई दी। वह एक ऐसी अभिनेत्री है जिसके साथ मैं नृत्य में बहुआयामी प्रयोग कर सकती हूं। वह नृत्य में अपनी आत्मा उड़ेल देती है। जब उनसे पूछा गया कि फिल्म आ जा नच ले में उन्हें नृत्य निर्देशन के लिए क्यों नहीं चुना गया, तो उन्होंने कहा कि उस फिल्म में वैभवी मर्चेट को नृत्य निर्देशन के लिए यशराज प्रोडक्शन ने चुना। वह काफी प्रतिभाशाली हैं। जब उनसे पूछा गया कि माधुरी दीक्षित के साथ उस फिल्म में काम नहीं करने का उन्हें कोई रंज है, तो उन्होंने कहा कि अगर मुझे भविष्य में मौका मिला तो मैं जरूर उस फिल्म में काम करना चाहूंगी। माधुरी और मेरे रिश्ते में कोई खटास नहीं आई है।

बॉलीवुड में नृत्य में कुशल अभिनेताओं में उनकी पसंद के बारे में पूछ जाने पर उन्होंने कहा कि उनकी नजर में गोविंदा और ऋतिक रोशन नृत्य कला में कुशल हैं, लेकिन इन दोनों में गोविंदा बेहतर हैं। सरोज खान ने कहा कि ऋतिक की नृत्य शैली तकनीकी रूप से कठिन है और आप आसानी से उसकी नकल नहीं कर सकते। गोविंदा की शैली काफी सरल है और आप उसे देख कर नाचने पर मजबूर हो जाएंगे। आज के दौर में नृत्य की जानकारी रखने वाली अन्य अभिनेत्रियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि आज बॉलीवुड में करीना, रानी, ऐश्वर्या अच्छा नृत्य करती हैं। खान ने कहा कि आज गीतों में नृत्य का समावेश ठीक ढंग से नहीं हो रहा है और हम पश्चिमी नृत्य की नकल कर रहे हैं। पहले के समय में वहीदा रहमान और वैजयंती माला जैसी अभिनेत्रियां अपने नृत्य निर्देशक की बात को ध्यान से सुनती थीं लेकिन आज इसका अभाव दिख रहा है।

उन्होंने कहा कि आज कल मैं एनडीटीवी इमैजिन पर नृत्य पर आधारित कार्यक्रम नच ले वे पेश कर रही हूं। इस कार्यक्रम के माध्यम से मेरा मकसद माधुरी जैसी किसी कुशल नृत्यांगना की खोज करना है। सरोज खान का जन्म 22 नवंबर 1949 को हुआ था। लगभग चार दशकों के अपने करियर में उन्होंने 200 फिल्मों में नृत्य निर्देशन किया। नृत्य के क्षेत्र में बी सोहनलाल ने उन्हें प्रशिक्षित किया है। बॉलीवुड में फिल्म नगीना में फिल्माए गए गीत मैं तेरी दुश्मन दुश्मन तू मेरा से उन्हें प्रसिद्घी मिली। खान ने मिस्टर इंडिया, तेजाब, बेटा, गुरू, डान, फना, वीर जारा, साथिया, हम दिल दे चुके सनम, देवदास, लगान, फिजा, ताल और प्यार हो गया दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, चांदनी, डर, मोहरा जैसी यादगार फिल्मों में नृत्य निर्देशन किया है। तमिल फिल्म श्रृंगारम और देवदास के लिए सरोज खान को नृत्य निर्देशन का राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्रदान किया गया है।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(6) वोट का औसत

average:4.833334
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित