
दिल्ली की रहने वाली अभिनेत्री निशि का वास्तविक नाम है कृष्णा कोहली। दरअसल, पतंग उड़ाने और गिल्ली-डंडा खेलने वाली कृष्णा ने स्कूल के दिनों में ही फिल्म ऐक्ट्रेस बनने का मन बना लिया था। इसलिए इंटर पास करने के बाद जब पड़ोसी राजकुमार कोहली ने मुंबई चलने की सलाह दी, तो वे उन्हें साथ लेकर ग्लैमर की दुनिया में पहुंच गई। एक अर्से तक दोनों कजिन बन कर रहे। तभी एक दिन डायरेक्टर पी.एल. संतोषी ने नशीली आंख वाली इस युवती को अपनी फिल्म पागलखाना के लिए साइन किया और कृष्णा कोहली से उन्हें निशि बना दिया, लेकिन पागलखाना पूरी नहीं हो पाई। उसी दौरान रमेश सहगल ने सुनील दत्त के साथ निशि को भी साइड हीरोइन बनाकर ब्रेक दिया। निशि बनकर कृष्णा कोहली रुपहले पर्दे पर फिल्म रेलवे प्लेटफार्म में आई। सच तो यह है कि इस फिल्म के जरिए निशि का फिल्मों में काम करने का सपना पूरा हुआ। जहां एक ओर कोहली निशि का करियर बनाने में लगे थे, वहीं बतौर डायरेक्टर अपना भविष्य बनाने की कोशिशें भी शुरू कीं। निशी ने फिल्मों में हर तरह के रोल किए। डार्क स्ट्रीट में वे अशोक कुमार के साथ डबल रोल में आई। पंजाबी फिल्म भंगड़ा और ढोलामारू से वे पूरे पंजाब में छा गई। बागी सिपाही, प्यार की प्यास, मेरा सलाम, मैं नशे में हूं आदि में निशि ने अहम रोल किए और अपनी एक अच्छी जगह बनाई।
वर्षो फिल्म इंडस्ट्री में लोग निशि को अविवाहित मानते रहे। लोगों का खयाल था कि राजकुमार कोहली निशि के करियर को संभालने का काम कर रहे हैं। जब राजकुमार कोहली खुद निर्माता-निर्देशक बन गए, तो निशि ने भी ऐक्टिंग के लिए भागदौड़ कम कर दी। आखिर एक दिन दोनों ने पति-पत्नी होने का ऐलान कर ही दिया। बहुत से लोग इस खबर से चौंक गए, क्योंकि उनमें से कई तो इन दोनों को भाई-बहन समझते थे। खुद निशि भी शादी संबंधी प्रश्न पूछने पर अपने को अविवाहित बताती थीं। शादी का ऐलान करने से पहले निशि और राजकुमार कोहली दोनों ही इस बात की कोशिश में रहते थे कि उनके असली रिश्तों पर पर्दा पड़ा रहे। लोग यह भले ही मान लें कि उनमें रिलेशनशिप है, लेकिन यह भी मानें कि दोनों अविवाहित हैं। पति-पत्नी की बात तब कही गई, जब राजकुमार कोहली स्वतंत्र रूप से अपना करियर बनाने में कामयाब हो गए। कोहली ने कई फिल्में बनाई। मल्टी स्टारर फिल्में बनाने में तो वे काफी चर्चित रहे। कोहली ने शंकर मूवीज की स्थापना करके कई फिल्में बनाई। वे दो फिल्मों के लिए हमेशा याद रखे जाएंगे। एक थी सिल्वर जुबली नागिन जिसमें जीतेंद्र, सुनील दत्त, कबीर बेदी, फिरोज खान, रीना राय, मुमताज, योगिता बाली, प्रेमा नारायण, रेखा आदि ढेर सारे सितारों ने काम किया था। इसमें जीतेंद्र-रीना राय नाग-नागिन बने थे। दूसरी फिल्म थी 1979 में बनी जानी दुश्मन। सुनील दत्त, संजीव कुमार, शत्रुघन् सिन्हा, जीतेंद्र, रेखा, रीना राय आदि अभिनीत इस फिल्म पर भ्रम फैलाने का आरोप सेंसर बोर्ड ने लगाया था। काफी कांट-छांट के बाद यह दर्शकों तक पहुंची थी और चर्चित होने के साथ ही सफल भी हुई। फिल्म जगत में ऐसे तो कई जोड़े हैं, जो बिना शादी के साथ रहे, लेकिन निशि और राजकुमार कोहली शायद एक अकेली ऐसी जोड़ी है, जो पति-पत्नी होने पर भी अपने रिश्ते पर पर्दा डाले रहे। किसी के लिए कजिन बने रहे, तो किसी के लिए भाई-बहन। अपनी असली हकीकत संभवत: दोनों ने यह सोचकर छिपाई कि इससे निशि को काम मिलने में रुकावट आएगी।
-बच्चन श्रीवास्तव