बॉलीवुड-हॉलीवुड की गठजोड़ करने वाले प्रकाश मेहरा

बॉलीवुड-हॉलीवुड की गठजोड़ करने वाले प्रकाश मेहरा

13 जुलाई को जन्मदिन पर विशेष..

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के छोटे से शहर से मायानगरी का सफर तय करने वाले और अमिताभ बच्चन को एंग्री यंग मैन के तौर पर पहचान दिलाने वाले प्रकाश मेहरा बॉलीवुड के उन निर्माता-निर्देशकों में से थे, जिन्होंने हॉलीवुड के साथ संबंधों की शुरूआत की थी।

प्रकाश मेहरा का हाल ही मे लंबी बीमारी के बाद 17 मई को निधन हो गया। वह पिछले कई साल से अस्वस्थ चल रहे थे। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में 13 जुलाई 1939 को जन्मे प्रकाश ने 80 के दशक में हॉलीवुड फिल्म द गॉड कनेक्शन के लिए फ्रांक योंडोलिनो के साथ काम किया था। हालांकि यह फिल्म पर्दे पर नहीं उतर सकी लेकिन हॉलीवुड के साथ हिंदी सिनेमा के गठजोड़ को बल मिला था। बॉलीवुड निर्देशन के क्षेत्र में हाल ही में कदम रखने वाले फराज हैदर कहते हैं कि आज के समय में हिंदी फिल्मों में हॉलीवुड का जो असर दिखाई देता है, उसका श्रेय प्रकाश मेहरा को भी दिया जाना चाहिए। हैदर कहते हैं कि भले ही हॉलीवुड के साथ उनका पहला प्रोजेक्ट फलीभूत नहीं हो पाया था, लेकिन उन्होंने इस ओर राह तो खोल दी थी। बिजनौर में प्रकाश के एक पारिवारिक मित्र अनमोल गुप्ता ने कहा कि प्रकाश शुरू से ही बड़े आत्मविश्वास वाले थे। करियर बनाने के लिए जब उन्होंने मुंबई का रुख किया था, तो प्रोडक्शन कंट्रोलर के तौर पर शुरूआत की और धीरे-धीरे बड़े निर्माता-निर्देशकों में शुमार हो गए। प्रकाश मेहरा ने 1968 में शशि कपूर के साथ हसीना मान जाएगी से निर्देशन की शुरूआत की थी। इसके बाद वह फिल्म निर्माण में भी आ गए।

महानायक और अपने समय के एंग्री यंग मैन अमिताभ को यह पहचान दिलाने में भी प्रकाश मेहरा की महती भूमिका थी, जिसे खुद अमिताभ ने भी स्वीकार किया है। उन्होंने 1973 में अमिताभ के साथ जंजीर बनाई थी और इसकी सफलता के बाद बिग बी के साथ लगातार छह फिल्में और बनाईं। इनमें खून पसीना, हेरा फेरी, मुकद्दर का सिंकदर, लावारिस, नमक हलाल, शराबी और जादूगर हैं। हालांकि कई सफल फिल्मों के बाद इस कड़ी की आखिरी फिल्म जादूगर की असफलता के पश्चात प्रकाश और अमिताभ के संबंधों में खटास आ गई। कहा जाता है कि जादूगर के समय ही अमिताभ ने इससे मिलते-जुलते विषय वाली मनमोहन देसाई की तूफान में काम किया था और दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई।

वर्ष 2006 में एक अखबार को दिए गए साक्षात्कार में प्रकाश मेहरा ने अमिताभ से संबंधों के सवाल पर कहा था कि वह मुझसे संबंध क्यों रखेंगे। उनके पास इतना टाइम कहां हैं। हालांकि अमिताभ ने इसका खंडन करते हुए कहा था कि उन्होंने हमेशा कहा था कि जिस दिन तुम्हारे साथ सफल फिल्में नहीं बना पाऊंगा, तुम्हारे साथ काम बंद कर दूंगा। इसलिए उन्होंने जादूगर की असफलता के बाद मेरे साथ काम नहीं किया। प्रकाश द्वारा निर्मित आखिरी फिल्म वर्ष 2001 में रेखा अभिनीत मुझे मेरी बीवी से बचाओ थी।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित