
जैसे-जैसे प्रियदर्शन की फिल्म ढोल के रिलीज होने का वक्त करीब आ रहा है, पायल रोहतगी की टेंशन दोगुनी रफ्तार से बढ़ रही है। वजह बहुत साफ है कि इस फिल्म से पायल ने बहुत उम्मीदें लगा रखी हैं। सच तो यह है कि सुभाष घई की कंपनी मुक्ता आर्ट्स में बनी अब्बास-मस्तान निर्देशित फिल्म 36 चाइना टाउन के बाद पायल को यही एक ऐसी फिल्म मिली है, जिससे उन्होंने बहुत उम्मीदें लगा रखी हैं। दरअसल, उन्हें उम्मीद है कि इस फिल्म के बाद उनका करियर एक नई दिशा की ओर करवट लेगा।
दिलचस्प बात यह है कि इसी तरह की बातें पायल 36 चाइना टाउन के रिलीज होने से पहले भी किया करती थीं। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी हिट नहीं रही, लेकिन पायल का मानना था कि इसी फिल्म की बदौलत उन्हें प्रियदर्शन की फिल्म ढोल में काम करने का मौका मिला। ढोल को लेकर पायल का मानना है कि इसमें वे एक अलग लुक में दिखेंगी, लेकिन फिल्म के प्रोमो सामने आते ही उनकी ये बातें सच से दूर ही साबित हो रही हैं। प्रोमो को देखा जाए, तो यही लगता है कि पायल इस फिल्म में भी अपने उसी सेक्सी अंदाज में नजर आएंगी, जिसे चेंज करने के दावे वे लंबे समय से करती आ रही हैं।
यह बात भी कम दिलचस्प नहीं है कि इस वक्त पायल के पास यही एक फिल्म है। जाहिर है, उनकी सारी उम्मीदों का दारोमदार इसी फिल्म पर होगा। पायल की इन उम्मीदों के बीच इस बात की अनदेखी भी नहीं हो सकती कि फिल्म में तुषार कपूर और तनुश्री दत्ता जैसे सितारे भी हैं। सच तो यह है कि इन दोनों की मौजूदगी में कोई उम्मीद नहीं कर सकता कि पायल को प्रचार में बहुत ज्यादा फुटेज मिलेगी।
अगर ऐसा सचमुच में हुआ, तो पायल फिर से उसी तरह की शिकायत करेंगी, जैसे 36 चाइना टाउन के बाद उन्होंने कहा था कि फिल्म के प्रोमो में करीना को बहुत ज्यादा फुटेज मिली। अगर उनकी बात ढोल में भी नहीं बनी, तो इस बार उनकी जुबान पर तनुश्री दत्ता का नाम होगा और वे संभवत: यह कहती फिरें कि इस बार तनु को ज्यादा तरजीह मिली!
मुंबई प्रतिनिधि