माधुरी के साथ फिर होंगे घई!

माधुरी के साथ फिर होंगे घई!

माधुरी दीक्षित के साथ एक और फिल्म सुभाष घई बनाने वाले हैं, इस बात को सुनकर माधुरी के दीवाने दर्शकों का दिल जरूर खुश हो गया होगा। दोनों की साथ वाली फिल्में थीं राम लखन और खलनायक। अब नई फिल्म में दोनों क्या करेंगे, यह देखने वाली बात होगी..

अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के फैन्स के लिए इन दिनों एक अच्छी खबर सुनने को मिल रही है। चर्चा है कि माधुरी की केंद्रीय भूमिका वाली फिल्म की घोषणा शो मैन सुभाष घई जल्द ही करने वाले हैं। हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि इस फिल्म का विषय क्या होगा, लेकिन यह तय है कि घई इस बार माधुरी के अभिनय पक्ष को ज्यादा से ज्यादा उभारने की कोशिश करेंगे। सूत्रों के अनुसार, घई ने कई फिल्में माधुरी को हीरोइन लेकर बनाई हैं, लेकिन उन फिल्मों में उनके डांसिंग पॉवर को ज्यादा उभारा गया था। उनकी फिल्मों के गीत-संगीत दमदार तो थे ही, माधुरी के डांस ने उन गीतों को ज्यादा लुभावना बनाया। घई के साथ वाली माधुरी की फिल्मों पर ध्यान दें, तो यह भी लिखना जरूरी है कि घई ने माधुरी को पहली बार अपनी सफल फिल्म कर्मा के एक गीत के लिए चुना था और वह गीत शूट भी हुआ था, लेकिन किसी कारणवश गाना फिल्म में नहीं रखा गया! इन दोनों की साथ वाली पहली रिलीज फिल्म थी राम लखन, जो सफल हुई थी। उसके बाद दोनों की साथ वाली चर्चित फिल्म आई खलनायक। दोनों फिल्मों में माधुरी के रोल और उनके डांस को दर्शकों ने पसंद किया। इन फिल्मों के बाद देखा जाए, तो घई ने तमाम फिल्मों का निर्माण और निर्देशन किया है, लेकिन वे हर तरह से अच्छी कामयाबी के लिए तरस गए।

खलनायक के बाद घई ने कुल सात फिल्में निर्देशित की हैं, लेकिन उन्हें कामयाबी सिर्फ परदेस और ताल से मिलीं। इधर की उनकी निर्देशित लगातार पांचों फिल्में बुरी तरह फ्लॉप हुई हैं। उनकी हालिया रिलीज फिल्म थी युवराज। लंबे समय से असफलता झेल रहे घई को शायद इसीलिए माधुरी की याद आई कि वे उन्हें इस नाकामयाबी से उबारने का माद्दा रखती हैं। शायद इसी सोच के तहत वे अपनी अगली फिल्म में माधुरी को लेने का मन बना चुके हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि यशराज बैनर की फिल्म आजा नचले के जरिए दर्शकों पर कोई जादू नहीं चला पाने वाली माधुरी का जलवा क्या घई की नई फिल्म के जरिए दर्शकों पर चलता है या नहीं..!

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(15) वोट का औसत

average:4.4
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित