
विपुल शाह की नई फिल्म लंदन ड्रीम्स में सलमान खान का विशेष लुक आकर्षण का केंद्र होगा। दरअसल, इस फिल्म में सलमान दो अलग और दिलचस्प लुक में नजर आएंगे। फिल्म गांव के एक बैंड गु्रप के शख्स की कहानी है, जो बाद में रॉक स्टार बनता है और संगीत की दुनिया पर राज करता है। सलमान फिल्म में उसी शख्स की भूमिका निभा रहे हैं।
सलमान ने इसी फिल्म के लिए अपने बाल लंबे किए हैं। लंदन ड्रीम्स में उनका लुक तैयार करने वाले मशहूर हेयर स्टाइलिश आलिम हकीम बताते हैं, सच है कि फिल्म में मध्यांतर के पूर्व सलमान ग्रामीण व्यक्ति की भूमिका में दिखाई देंगे, जो एक बैंड ग्रुप में ड्रम बजाता है। ग्रामीण व्यक्ति की भूमिका में सलमान चिपके-चिपके बालों में दिखाई देंगे। सिर पर वे गमछा बांधे होंगे। उनका पहनावा साधारण होगा, लेकिन मध्यांतर के बाद वे रॉक स्टार बन जाते हैं। उस समय वे मॉडर्न लुक में नजर आएंगे। उनके बाल सुनहरे रंग में रंगे होंगे। सलमान का लुक और हेयर स्टाइल अक्सर दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय होता है। इस वर्ष लंदन ड्रीम्स के अलावा, सलमान स्वलिखित फिल्म वीर में भी अलग लुक और हेयर स्टाइल में दिखाई देंगे। उसमें भी उनका लुक आलिम हकीम ने तैयार किया है। यानी इस वर्ष सलमान के प्रशंसक उन्हें अलग-अलग अंदाज में देखेंगे। वीर में सलमान के लुक के बारे में आलिम कहते हैं, उसमें सलमान योद्धा की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आजकल इन्हीं फिल्मों के लिए अपने बाल बड़े किए हैं। लंदन ड्रीम्स में तो उनके रिअॅल बालों से काम हो जाता है, लेकिन वीर की शूटिंग के दौरान उनके बालों में एक्सटेंशन लगाकर बड़ा किया जाता है। थोड़ी दिक्कत होती है, लेकिन वे बेहद को-ऑपरेटिव कलाकार हैं।
मुंबई प्रतिनिधि