सोहा ने थामा इमरान का दामन

सोहा ने थामा इमरान का दामन

सोहा अली खान इन दिनों बेहद खुश हैं। वे खुश हों भी क्यों न? जल्द प्रदर्शित होने वाली फिल्म तुम मिले में नायक के रूप में इमरान हाशमी जो उन्हें मिल गए हैं। अब सोहा आश्वस्त हैं कि तुम मिले की रिलीज उनके फिल्मी करियर में सुखद संकेत लेकर आएगी। उन्होंने यह उम्मीद इमरान की फिल्मों की सफलता के अनुपात को देखते हुए लगाई है। सोहा का फिल्मी करियर उनकी लोकप्रियता और प्रतिभा के बावजूद रफ्तार नहीं पकड़ पाया है, लेकिन अब उन्होंने ठान लिया है कि वे भी बॉक्स ऑफिस पर सफलता का परचम लहराएंगी। अपनी इस इच्छा को पूरा करने के लिए उन्होंने इमरान का दामन थामा है। एक अदद सफल फिल्म की तमन्ना में ही नवाबी शान-ओ-शौकत में पली-बढ़ी शालीन सोहा ने सीरियल किसर इमरान के साथ तुम मिले में अभिनय का प्रस्ताव स्वीकार किया।

दरअसल, इमरान हिंदी फिल्मों के ऐसे अभिनेता हैं, जिनकी फिल्मों की सफलता का अनुपात दूसरे अभिनेताओं से अच्छा रहा है। तभी तो इन दिनों तुम मिले के प्रदर्शन को लेकर सोहाका उत्साह चरम पर है। वे अभी से इस फिल्म के प्रचार अभियान में जुट गई हैं। इमरान की शान में सोहा खूब कसीदे पढ़ रही हैं। उनके नजर में, इमरान बेहद संजीदा अभिनेता हैं। वे अपने काम के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं। उनके साथ काम करने का अनुभव बेहद यादगार रहा। भविष्य में भी इमरान के साथ काम करने की इच्छा है। उल्लेखनीय है कि कुणाल देशमुख निर्देशित तुम मिले वर्ष 2006 की छब्बीस जुलाई को मुंबई में आई भयंकर बाढ़ पर आधारित प्रेम कहानी है। उम्मीद है, इमरान का साथ सोहा के लिए सुखद परिणाम लेकर आएगा।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(11) वोट का औसत

average:3.90909
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित