
मुंबई। बप्पी लाहिड़ी, जिन्होंने टैक्सी नंबर 9211 के कई हिट गानों को हिट कराने का श्रेय जाता है, का कहना है कि जब उन्हें गुरू फिल्म में अभिषेक बच्चन के लिए एक गाना रिकॉर्ड करने की जिम्मेवारी सौंपी गयी तो वे भावुक हो गए।
बप्पी ने कहा कि अभिषेक के लिए गाना रिकॉर्ड करते समय मुझे अमित जी की याद आने लगी। वर्षो पहले मैंने अभिषेक के पिता अमित जी के लिए एक गाना गाया था। यह गाना था गिरफ्तार फिल्म का आना जाना। जब मुझे ए. आर. रहमान ने अभिषेक के लिए गाना गाने का प्रस्ताव दिया तो मैं वाकई भावुक हो गया। मेरी स्मृति पुराने दिनों में लौट गयी। मैं उस दिन को याद करने लगा जब मुझे 30 वर्ष पहले अभिषेक के पिता अमिताभ बच्चन के लिए एक गाना गाने का मौका मिला था। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें इन दोनों हस्तियों के लिए काम करने का मौका मिला। इस क्षण को वे हमेशा याद रखेंगे।
हाल ही में बप्पी लाहिड़ी अपने लाहिड़ी परिवार की तीन पीढि़यों में दूसरे ऐसे व्यक्ति बन गए जिन्हें स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के साथ गाना रिकॉर्ड करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इससे पहले उनके पिता अपरेश लाहिड़ी ने लता मंगेशकर के साथ गाना रिकॉर्ड किया थ। अब बप्पी के पुत्र बप्पा भी लता जी के साथ गाना रिकॉर्ड करेंगे। बप्पी लाहिड़ी को प्रोड्यूसर पहलाज निहलानी ने अपनी नयी फिल्म के लिए भी साइन किया है। बप्पी ने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि 80 के दशक में मैंने पहलाज जी के लिए कई फिल्मों में म्यूजिक दिया था। मैं खुश हूं कि एक बार फिर मुझे पहलाज जी के साथ काम करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि अभी भी वे कई तरह का संगीत प्रयोग करने की क्षमता रखते हैं।