
नई दिल्ली। बॉलीवुड स्टार जिमी शेरगिल एक अलग प्रकार के अभिनेता की श्रेणी में आते हैं। यहां और हासिल में इनका अभिनय दमदार रहा। शायद इन्हीं फिल्मों के कारण इन्हें एक अलग श्रेणी में माना जाने लगा।
जिमी शेरगिल का मानना है कि उनकी इच्छा थी कि वे एक कलाकार बनें और आज वे खुश हैं कि उनका सपना पूरा हुआ। जिमी ने बताया कि मैं ऐसा सोच नहीं सकता कि मैं यदि अभिनेता न होता तो क्या होता। मुझे तो बस अभिनेता बनना था और मैं बन गया। मैं अपने काम के प्रत्येक क्षण का आनंद लेता हूं। मेरी जिंदगी इसी के आसपास घूमती रहती है। बस एक पल फिल्म के स्टार कलाकार जिमी अपने कैरियर को लेकर संतुष्ट हैं। वैसे, इस कलाकार की हर फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर उतनी सफलता नहीं मिली है। उन्होंने आगे बताया कि मेरे पास खुश रहने के ढेर सारे उपाय हैं। हर फिल्म का हिट हो जाना संभव नहीं है। वैसे जो मेरे भाग्य में होगा, वहीं मुझे मिलेगा। यह सच है कि मेरी कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर नहीं चलीं, लेकिन यह भी सच है कि कुछ फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल दिखाया है।
जिमी ने बताया कि उन्हें गर्व है कि उन्होंने फिल्मोद्योग के कुछ महान कलाकारों और निर्देशकों के साथ काम किया है। उन्होंने खुशी जाहिर की कि इन लोगों के साथ काम करने में काफी मजा आया। 36 वर्षीय जिमी शेरगिल को निर्देशन का शौक है। वे अभी तक 30 फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनका दिमाग अभी पूरी तरह अपने एक्टिंग कैरियर पर केंद्रित है। गौरतलब है कि जिमी ने बॉलीवुड में प्रवेश 1996 में अपनी माचिस फिल्म से किया। इस फिल्म को काफी सराहा गया। उनकी आगामी फिल्में विक्टोरिया नंबर 203, बीबीडी और वेडनेस्डे हैं।