
मुंबई। शुक्रवार को रिलीज हो रही निर्देशक आनंद राय की थ्रिलर फिल्म स्ट्रेंजर्स के पीछ एक रोचक कहानी है।
दरअसल, फिल्म की पटकथा को चुंबन दृश्य की जरूरत थी। इसके लिए निर्देशक राय ने मुख्य महिला कलाकार नंदना सेन को जैसे-तैसे तैयार कर लिया, लेकिन आनंद राय उस समय हतप्रभ रह गए जब मुख्य अभिनेता जिमी शेरगिल ने चुंबन दृश्य करने से इंकार कर दिया।
जिमी ने राय से कहा अगर उन्हें पता होता कि फिल्म में चुंबन दृश्य है तो वह फिल्म ही नहीं करते। ऐसे में आनंद राय के पास इस दृश्य को हटाने के अलावा कोई दूसरा चारा नहीं था। आनंद ने कहा, जिम्मी हमारे लिए सबसे उपयुक्त अभिनेता हैं। अन्य पुरुष भूमिकाओं के लिए मुझे एक अलग तरह के कलाकार की जरूरत थी। इसके लिए के.के. मेनन सटीक बैठते थे। जहां तक महिला कलाकार की बात है तो मुझे एक ऐसी लड़की की तलाश थी, जिसने पूरा जीवन लंदन में बिताया हो। इसके लिए नंदना सेन पूरी तरह उपयुक्त थीं।
फिल्म की पूरी शूटिंग लंदन में हुई है। आनंद राय के मुताबिक उन्होंने शूटिंग के लिए लंदन की गलियों को छान मारा, लेकिन जिमी को चुंबन के लिए तैयार नहीं कर सके।