
मुंबई। फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर की फिल्म कारपोरेट में काम कर चुके हर्ष छाया अब उनकी अगली फिल्म फैशन में समलैंगिक फैशन डिजाइनर की भूमिका निभाएंगे।
हर तरह की भूमिकाओं के साथ प्रयोग करने वाले हर्ष पहली बार समलैंगिक की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में कंगना रानावत और प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिकाओं में हैं। भंडारकर इस फिल्म का निर्माण यूटीवी के साथ मिल कर रहे हैं। अपनी गंभीर छवि के चलते हर्ष को इस फिल्म में लिए जाने से शुरू में परहेज किया जा रहा था। मगर, वह खुद इस भूमिका को करना चाहते थे और आखिरकार उन्हें यह भूमिका मिल ही गई।
इस भूमिका को पाने के लिए हर्ष ने विग और कपड़ों के माध्यम से किरदार के अनुकूल लुक तैयार किया और इसे रिकार्ड कर भंडारकर तक पहुंचा दिया। अंतत: उन्हें यह भूमिका मिल गई!