
नई दिल्ली। पिछले साल सबसे अधिक हिट फिल्में देने वाले अक्षय कुमार एक फिल्म के लिए 20 करोड़ रुपये से अधिक ले रहे हैं। बावजूद इसके विश्लेषक मानते हैं कि वह सुपरस्टारडम की दौड़ में शाहरुख खान से काफी पीछे हैं।
पत्रिका सुपरसिनेमा के संपादक विकास मोहन ने कहा, अक्षय ने पिछले साल तीन सुपरहिट फिल्में दी, मगर वह शाहरुख से आगे नहीं निकले हैं। शाहरुख की ओम शांति ओम ने 90 करोड़ से अधिक का कारोबार किया है। जहां तक लोकप्रियता की बात है, अक्षय को अभी लंबी दूरी तय करनी है। वह अभी शाहरुख और अमिताभ बच्चन से प्रतियोगिता नहीं कर सकते।
फिल्म भूल भुलैया की सफलता के बाद विश्लेषक अक्षय की तुलना दक्षिण भारतीय फिल्मों के स्टार रजनीकांत से कर रहे हैं।
दरअसल, भूल भुलैया रजनीकांत की चंद्रमुखी की तरह हिट हुई। भूल भुलैया चंद्रमुखी से प्रभावित फिल्म है। रजनीकांत की शिवाजी- द बॉस ने करीब 150 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस फिल्म की सफलता के बाद वह एक फिल्म के लिए 16 करोड़ रुपये ले रहे हैं। इसी तरह हे बेबी, नमस्ते लंदन, भूल भुलैंया और वेलकम की सफलता के बाद अक्षय ने अपनी कीमत बढ़ा दी है। वह वीनस रिकार्ड्स की अगली फिल्म के लिए 22 करोड़ रुपये ले रहे हैं।