
नई दिल्ली। बालीवुड अभिनेत्री विद्या बालन शुरू से ही थिएटर और नुक्कड़ नाटकों में काम करना चाह रही हैं। उन्हें यह मौका नहीं मिल पाने का मलाल भी है। नुक्कड़ नाटक के जरिए अपनी नई फिल्म के प्रमोशन के दौरान यहां आई विद्या ने अपनी इस अधूरी इच्छा के बारे में बताया। 11 जनवरी को रिलीज हो रही इस फिल्म में वह अजय देवगन के साथ नजर आएंगी।
प्रदीप सरकार की फिल्म परिणीता से बालीवुड में सफल पारी की शुरुआत करने वाली विद्या ने कहा, मैं हमेशा से ही रंगमंच और नुक्कड़ नाटकों में काम करना चाहती थी। मुझे लगता है कि यह बेहद शक्तिशाली माध्यम है। हालांकि अभी तक मुझे मौका नहीं मिला। वह हल्ला बोल के प्रचार के लिए एक नुक्कड़ नाटक का मंचन होने के बाद संवाददाताओं से बात कर रही थीं।
राजकुमार संतोषी की इस फिल्म के प्रचार के लिए फिल्म की थीम पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जा रहा है। नाटक का निर्देशन प्रख्यात रंगकर्मी ओम कटारे ने किया है। इसमें सामाजिक अन्याय और भ्रष्ट नौकरशाही के प्रति लोगों के निकम्मेपन को दर्शाया गया है।
यह नाटक दिल्ली के अलावा चंडीगढ़, लखनऊ, भोपाल, जयपुर, अहमदाबाद, कोलकाता तथा मुंबई जैसे शहरों में मंचित किया जाएगा।