
मुंबई। फिल्म निर्देशक हृदेश कांबेल की फिल्म प्रणाली-द ट्रेडिशन के लिए दर्शकों को थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, मार्च या फिर अप्रैल में इस फिल्म के रिलीज होने की चर्चा है।
फिल्म निर्माण कंपनी हारवर्ड एंटरटेंमेंट के बैनर तले बनी इस फीचर फिल्म में देवदासियों के जीवन की व्यथा को दिखाया गया है। फिल्म में दर्शाया गया है कि प्राचीन काल में कर्नाटक और महाराष्ट्र के गांवों में किस प्रकार से युवतियों को देवदासी बनने के लिए मजबूर किया था और पूरा जीवन उन्हें मंदिर में देवी की उपासना और नृत्य में गुजारना पड़ता था।
इस फिल्म के निर्माता हैं निखिल माथुर। फिल्म में भगवान शिव के समक्ष किए जाने वाले तांडव नृत्य की विभिन्न विधाओं को सीखने के लिए विशेष रूप से मशहूर कथक नर्तक बिरजू महाराज की मदद ली गई है। साथ ही नृत्य निर्देशक सरोज खान ने भी नृत्य की भाव-भंगिमाओं को सजीव रूप दिया है।
जानकारों के मुताबिक दक्षिण भारत में इस विषय पर कई फिल्में बनाई जा चुकी हैं। कुछ समय पहले फिल्म निर्देशक कल्पना लाजमी ने भी इस विषय पर एक फिल्म निर्माण की योजना बनाई थी लेकिन बाद में उन्होंने इस योजना को थोड़े समय के लिए टाल दिया था।