
मुंबई। निर्देशक सुजीत सरकार इन दिनों अपनी नई फिल्म के लिए अमिताभ बच्चन के साथ किरदार निभाने वाली अभिनेत्री की खोज में जुटे हुए हैं। बॉलीवुड की प्रमुख प्रोडक्शन हाउस यूटीवी इस फिल्म का निर्माण करेगी।
यहां फिल्म से सुर्खियों में आने वाले सरकार इस फिल्म में पचास का आंकड़ा पार कर चुके दंपति के प्रेम और दोस्ती को स्क्रीन पर दिखाएंगे। अमिताभ बच्चन और तब्बू की फिल्म चीनी कम को लेकर यह कयासें लगायी जी रही थी कि सरकार की फिल्म में भी दोनों साथ दिखेंगे। लेकिन ऐसी खबर है कि तब्बू इस फिल्म में नजर नहीं आएंगी। फिल्म की पटकथा रंग दे बंसती से लोकप्रिय बने रेनजेल डी सिल्वा ने लिखी है। यह फिल्म हॉलीवुड की एक फिल्म पर आधारित होगी। इस संबंध में सरकार ने कहा, इस हॉलीवुड फिल्म पर अभी काम भी नहीं शुरू हुआ है। लेकिन, यूटीवी ने निर्णय लिया है कि इस फिल्म का कॉपीराइट खरीदा जाए। उन्होंने कहा कि इस फिल्म की शूटिंग जनवरी अंत से शुरू हो जाएगी। लेकिन फिल्म की मुख्य अभिनेत्री को लेकर अभी कोई भी निर्णय नहीं लिया गया है। इस दौड़ में शेफाली शाह, सारिका का नाम जोर-शोर से उछाला जा रहा है। अमिताभ बच्चन के अलावा फिल्म में दीया मिर्जा भी नजर आएंगी।