
नई दिल्ली। टेलीविजन चैनलों पर कॉमेडी कार्यक्रमों के विजेताओं ने अब बॉलीवुड की ओर रुख कर लिया है। आइडिया हंस ले इंडिया कॉमेडी गेंगवार कार्यक्रम में विजय हासिल करने वाला कोलकाता का एक समूह फिल्मों की ओर मुड़ चुका है। यूटीवी मोशन पिक्चर्स कूल कोलकातांस ग्रुप के चारों सदस्यों को फिल्म में अभिनय करने का मौका देगा।
कूल कोलकातांस ग्रुप के सदस्य आबिद शामिम ने कहा, कॉमेडी प्रतियोगिता जीतने के बाद हमने फिल्मों की ओर मुड़ने का फैसला किया। हमें इसके लिए ज्यादा संघर्ष नहीं करना पड़ा। इस ग्रुप के सभी सदस्य युवा है और फिलहाल कोलकाता के एक कॉलेज से वाणिज्य की पढ़ाई कर रहे हैं। आबिद के साथ इस ग्रुप में कपिल मदनानी , नीतिन बाररिया और विनीत कुमार नाहथा हैं। सभी पढ़ाई के साथ-साथ संगीत की दुनिया से जुड़े हुए हैं।
इन सभी का मानना है कि कॉमेडी शो के दौरान जजों द्वारा मिली आलोचनाओं से उन्हें काफी फायदा पहुंचा है। गौरतलब है कि यह कार्यक्रम टेलीविजन चैनल बिंदास पर प्रसारित किया गया था।