
मुंबई। भांगड़ा किंग दलेर मेंहदी अब तमिल भाषा में भी अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगे। दलेर मेहंदी की आवाज सुपरस्टार रजनीकांत की आने वाली फिल्म केसुलन के टाइटल ट्रैक परीन्बा पेचुकरन.. में गूंजेगी।
दिग्गज संगीतकार ए आर रहमान के असिस्टेंट और भतीजे जी वी प्रकाश केसुलन के संगीतकार हैं। कविता कृष्णमूर्ति के साथ दलेर मेंहदी की मदमस्त आवाज में अपनी मातृभाषा के गीत सुनने का तमिल फिल्मी संगीत पे्रमियों का इंतजार जल्द ही खत्म होगा। रजनीकांत पर फिल्माए जाने वाले इस गीत की रिकॉर्डिग दिल्ली में हुई है। उल्लेखनीय है कि केसुलन के साथ-साथ इसके तेलगू रूपांतर कुचेलुडू के लिए भी दलेर गाने रिकॉर्ड करेंगे।
गौरतलब है कि तेलुगू भाषा में एम एम करीम के निर्देशन में दलेर की आवाज पिछले वर्ष की सुपरहिट फिल्म यामा डोंगा.. में भी गूंज चुकी है। तुनक तुनक...और बोलो ता रा रा.. जैसे भांगड़ा फ्लेवर के गानों से लोकप्रिय होने वाले दलेर मेंहदी इन दिनों आई पी एल की मोहाली टीम के टाइटल ट्रैक को लेकर चर्चा में हैं।
-सौम्या अपराजिता