
मुंबई। मियामी में फिल्म दोस्ताना की शूटिंग दो अभिनेताओं के लिए खुशगवार रहा। पहले अभिषेक बच्चन को पत्नी ऐश्वर्या बच्चन के साथ मियामी में शादी की पहली सालगिरह मनाने का आनंद मिला। अब जॉन अब्राहम को बिपाशा का साथ मिला।
जॉन से एक महीने बाद मिलकर बिपाशा खुश हैं। उन्होंने कहा, यह सिर्फ तीन दिनों की खुशी है। सोमवार को स्विटजरलैंड में मेरा काम पूरा हुआ और दूसरे फिल्म की शूटिंग में जाने से पहले मैंने सोचा कि मियामी जाकर जॉन से मिल लूं।
गौरतलब है कि निर्माता करण जौहर की फिल्म दोस्ताना का निर्देशन तरुण मनसुखानी कर रहे हैं। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा मुख्य अभिनेत्री के किरदार में हैं। यूरोप में फिल्म बचना ऐ हसीनों में रणबीर कपूर के साथ शूटिंग कर चुकीं बिपाशा ने वहां की गर्मी का जमकर लुत्फ उठाया। बिपाशा ने कहा, निर्देशक सिद्धार्थ आनंद और रणबीर कपूर सहित फिल्म की पूरी टीम के साथ काम के दौरान हमने खूब मस्ती की। इटली मुझे स्वर्ग जैसा लगा जबकि कैपरी, रोम और ज्यूरिख में भी मैंने खूब मस्ती की।
छुट्टियां बिताने के बाद बिपाशा नए निर्देशक जहांगीर सुरति की फिल्म फ्रिज की शूटिंग के लिए नील नितिन मुकेश का साथ देने के लिए बैंकाक पहुंचीं। उल्लेखनीय है कि फिल्म की शूटिंग वहां 40 दिनों तक की जाएगी। बचना ऐ हसीनों और फ्रिज दोनों ही फिल्मों में बिपाशा अपने सह कलाकारों से अधिक उम्र की युवती का किरदार निभा रही हैं।