
मुंबई। पासपोर्ट न मिल पाने के कारण पाकिस्तानी गायक भारत नहीं आ पा रहे हैं। ऐसे में बॉलीवुड की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। आलम यह है कि संगीतकार प्रीतम चक्रवर्ती फिल्म किस्मत कनेक्शन के लिए पाकिस्तानी गायक आतिफ असलम के साथ गाना रिकार्ड करने के लिए लाहौर जाने की सोच रहे हैं। फिल्म लाइफ इन ए मेट्रो जैसी फिल्म के लिए संगीत देने वाले संगीतकार प्रीतम ने बताया, अजीज मिर्जा की फिल्म किस्मत कनेक्शन के लिए आतिफ के साथ मुझे जल्दी ही एक गाना रिकार्ड करना था लेकिन पासपोर्ट को लेकर उन्हें परेशानी आ रही है। ऐसे में लगता है कि मुझे ही लाहौर जाना पड़ेगा।
इन परिस्थितियों में भारत और पाकिस्तान के बीच सांस्कृतिक विरासत के आदान-प्रदान की बातें फिजूल प्रतीत हो रही हैं। प्रीतम हमेशा से पाकिस्तानी गायकों की आवाज के कायल रहे हैं। खासकर फिल्म रेस के शीर्षक गीत ओ जाने जाना गाकर आतिफ को वह भूल नहीं पाते। वह कहते हैं, मैं कभी पाकिस्तान नहीं गया हूं। पाकिस्तान में 14 मई को फिल्म जन्नत का प्रीमियर भी किया जा रहा है। फिल्म का संगीत मैंने ही दिया है। ऐसे में यदि अपने गानों की रिकार्डिग के लिए मैं वहां गया तो काम के साथ-साथ थोड़ी मस्ती भी हो जाएगी।
उन्होंने बताया, मणि शंकर की फिल्म मुखबिर के प्रमोशनल गीत के लिए मुझे राहत अली खान की आवाज चाहिए थी। यदि मैं पाकिस्तान गया तो उसकी रिकार्डिग भी वहीं कर लूंगा। बॉलीवुड में पाकिस्तानी कलाकारों को लेकर फिल्में बनाने की परंपरा की शुरुआत करने वाले महेश भट्ट ने कहा कि पिछले 56 सालों में भारत-पाकिस्तान के रिश्ते सुधारने के लिए हमारे पूर्वज जो नहीं कर पाए उसे हमने पिछले चार सालों में कर दिखाया है।