
मुंबई। अनीस बज्मी की फिल्म वेलकम में उम्दा कलाकारी दिखाने के बाद बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर एक बार फिर पर्दे पर रोमांस करने के लिए तैयार हैं। फिल्मों के मामले में काफी चूजी माने जाने वाले नाना ने एक रोमांटिक फिल्म साइन की है। फिल्म का नाम भी काफी रोमांटिक है- लव इन शिमला।
लव इन शिमला का निर्देशन दीपा शाही करेंगी। वही दीपा जो माया मेम साहब, हम और आर या पार जैसी कई फिल्मों में अदाकारी के जलवे दिखा चुकी हैं। अब उन्होंने निर्देशन के क्षेत्र में उतरने का फैसला किया है। और वह भी अपने दम पर।
दीपा बताती हैं कि उनके निर्देशन में बनने जा रही इस पहली फिल्म में उनके फिल्ममेकर पति केतन मेहता का कोई रोल नहीं रहेगा। दीपा कहती हैं- मैं तो शुरू से ही निर्देशक बनना चाहती थी, लेकिन संयोगवश अभिनेत्री बन गई। शायद भगवान मुझे इसी तरह निर्देशक बनाना चाहते थे।
लव इन शिमला के बारे में दीपा का कहना है कि यह एक मनोरंजक फिल्म होगी, जिसमें दो प्रेमी जोड़ों की रोमांटिक कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म की शूटिंग अक्टूबर में शुरू होगी।