
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली मध्य प्रदेश की सैनिक छावनी में हुई एक सड़क दुर्घटना में अपने भाई कैप्टन विक्रांत के चोटिल होने से दुखी हैं। वह आश्चर्यचकित हैं कि दुर्घटना के 25 मिनट बाद तक वह खून से लथपथ पड़ा रहा, लेकिन किसी ने उनके भाई की मदद नहीं की।
नो एंट्री व अपना सपना मनी मनी जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुकीं सेलिना ने कहा कि यदि एक मुस्लिम व्यक्ति ने हिम्मत जुटाकर उसकी मदद नहीं की होती तो कुछ भी हो सकता था। वह कहती हैं, लोग देखते रहे, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। कौन सोच सकता था कि संयुक्त राष्ट्र शांति सेना की ओर से लेबनान में काम कर चुके आर्मी कैप्टन विक्रांत की हालत एक सड़क दुर्घटना में ऐसी हो जाएगी! उन्होंने कहा, हम उस इंसान के शुक्रगुजार हैं जिन्होंने दूर पड़े भाई के मोबाइल से अंतिम डायल किए गए नंबर पर फोन लगाकर घटना की सूचना दी। वह मेरे पिता का नंबर था। सेवानिवृत आर्मी कर्नल पिता यह खबर सुनकर दौड़े-भागे दुर्घटना स्थल पहुंचे। किस्मत से आर्मी डॉक्टर वहां से गुजर रहे थे जिन्होंने परिस्थिति पर नियंत्रण कर लिया।
गोवा में फिल्म गोलमाल रिटर्न्स की शूटिंग में व्यस्त अभिनेत्री सेलिना खबर सुनते ही वहां से सीधे घर पहुंची। फिल्म की शूटिंग थोड़ी ही रह गई थी इसलिए उन्हें वापस शूट के लिए जाना पड़ा। वह कहती हैं, किस्मत से मेरा इकलौता भाई अब खतरे से बाहर है। हमने उसे लखनऊ भेज दिया है।