
नई दिल्ली। परदे पर धूम्रपान के संबंध में लगातार टिप्पणी को लेकर अंबुमणि रामदास पर हमला करते हुए सुपस्टार अमिताभ बच्चन ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को फिल्म उद्योग की छवि खराब करने के बदल अपने लोगों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
अमिताभ ने कहा मैं मंत्री से अनुरोध करूंगा कि वह अपने लोगों पर ध्यान केंद्रित करें। शाहरुख खान या मुझे परदे पर शराब या धूम्रपान छोड़ने केलिए कहना फिल्म उद्योग की छवि खराब करने का प्रयास है। ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने इसे स्वीकार करने से इंकार कर दिया कि परदे पर शराब या धूम्रपान से लोगों को आम जीवन में ऐसी आदतों के प्रति बढ़ावा मिलता है।
मेगास्टार ने एक निजी टेलीविजन के साथ बातचीत में कहा हम जो परदे पर दिखाते हैं अगर उससे देश इतना प्रभावित होता है तो आप भारत के विभाजन का विश्लेषण कैसे करेंगे जो मेरे लिए सबसे अधिक दुखदायी है।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच संभावित गठजोड़ के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने सक्रिय राजनीति से अपने को दूर बताते हुए कहा ये सब राजनीतिक घटनाएं हैं जो मेरे लिए नहीं हैं। मेरी शुभकामनाएं हमेशा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लिए हैं।