
मुंबई [रघुवेंद्र सिंह]। अभिनेता अतुल कुलकर्णी आगामी शुक्रवार से देश के अग्रणी न्यूज चैनल आईबीएन 7 के एक नए शो बवंडर में सूत्रधार की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। पहली बार सूत्रधार की भूमिका निभा रहे अतुल इस शो को लेकर बेहद उत्साहित हैं। शो के बारे में वे कहते हैं, यह शो आजादी के साठ साल के कानूनी इतिहास को नए सिरे से देखने की कोशिश है। इसमें देश के उन सच्चे मुकदमों का नाट्य रूपांतरण कर दिखाया जाएगा, जो कानून के इतिहास में एक मिसाल बन चुके हैं। जिनकी वजह से कोर्ट को निर्मित कानून में या तो बदलाव करना पड़ा या फिर नया कानून गढ़ना पड़ा। इस शो के द्वारा आईबीएन 7 देश के कानून के बारे में लोगों को मुकम्मल जानकारी देगा। एक एक्टर होने के नाते मेरी एक सामाजिक जिम्मेदारी भी बनती है। उसी के निर्वाह के लिए मैं इस शो से जुड़ा हूं। आईबीएन 7 के मैनेजिंग डायरेक्टर आशुतोष ने बताया कि बवंडर टीवी 18 के पुराने शो भंवर का नया रूप है, जिसका प्रसारण कुछ साल पहले सोनी चैनल पर किया जाता था। बवंडर प्रत्येक शुक्रवार रात आठ बजे प्रसारित होगा और इसके प्रत्येक एपीसोड में एक नई कहानी दिखाई जाएगी। शो में साक्षी तंवर, हर्ष छाया, विनोद नागपाल जैसे चर्चित कलाकार अभिनय करते नजर आएंगे।