
मुंबई। बंगाली फिल्म निर्माता बुद्धदेब दासगुप्ता की फिल्म कालपुरुष में काम कर चुकीं बॉलीवुड की ग्लमरस गर्ल समीरा रेड्डी ने कहा है कि बुद्धदेब के कारण ही आज वह अभिनय को गंभीरता से ले रही हैं।
समीरा ने कहा, दादा (बुद्धदेब) ने मुझे कलाकार बनाया है। उन्होंने मुझे अभिनय की बारीकियां बताईऔर एक गंभीर अदाकारा बनाया। मैं उन्हें गुरु मानती हूं। कालपुरुष ने मेरी दुनिया बदल दी है। उन्होंने कहा कि कालपुरुष के बाद फिल्म उद्योग ने भी उन्हें गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है। समीरा बुद्धदेब का शुक्रिया अदा करती हैं क्योंकि मीरा नायर ने भी कालपुरुष देखने के बाद ही उन्हें अपनी फिल्म माइग्रेशन ऑफर की।
फिल्म रेस में दिखीं समीरा माओवादी आंदोलन पर आधारित निर्देशक अनंत महादेवन की फिल्म रेड अलर्ट में भी नजर आएंगी। फिल्म में वह गांव की सीधी-सादी लड़की के रूप में दिखेंगी जो बाद में व्यवस्था के खिलाफ हथियार उठाने केलिए तैयार हो जाती है।
बुद्धदेब के साथ वह एक बंगाली फिल्म भी कर रही हैं। यह अभिनय में करियर बनाने के लिए कोलकाता पहुंची एक युवती की कहानी है। समीरा कुछ तमिल और तेलुगु फिल्में भी कर रही हैं। समीरा ने स्पष्ट किया कि गंभीर किरदार निभाने के साथ-साथ वह अपनी ग्लैमरस गर्ल वाली छवि भी छोड़ना नहीं चाहतीं।