
मुंबई। हिंदी सिनेमा में कई सालों तक अपने शानदार अभिनय से लोगों के दिलों पर राज करने वाली बॉलीवुड अदाकारा माधुरी दीक्षित का कहना है कि पद्मश्री सम्मान ने उनके समर्पण पर मुहर लगाई है।
माधुरी दीक्षित ने एक विशेष भेंटवार्ता में बताया, अपने कार्यो के लिए सम्मानित किया जाना हमेशा अच्छा लगता है। एक व्यक्ति जो कई सालों से कड़ी मेहनत करता है उसे पद्मश्री सम्मान देना उसकी ईमानदारी को पुष्टि करने जैसा है। मैं यह सम्मान पाकर बहुत खुश हूं। गौरतलब है कि माधुरी का परिवार अमेरिका में रहता है। माधुरी ने कहा, मेरा पूरा परिवार अमेरिका में है। मेरी खुशी को दोगुनी करने के लिए मेरे पति मेरे साथ आए थे। पुरस्कार की खुशी को बच्चों के साथ बांटने के लिए उत्सुक अभिनेत्री ने बताया, मेरे बड़े बेटे ने मुझसे पूछा कि मुझे यह पुरस्कार क्यों दिया जा रहा है। मैंने बताया कि भारत में मेरे अभिनय के कारण यह सम्मान मुझे मिल रहा है।
गौरतलब है कि 90 के दशक में माधुरी ने फिल्म तेजाब, राम-लखन, बेटा, साजन, खलनायक, दिल तो पागल है और देवदास में अपने अभिनय से सबको चकित कर दिया। कई सालों के बाद पिछले महीने आई फिल्म आजा नच ले में माधुरी ने एक बार फिर अपने अभिनय से सबको चकित किया।