
नई दिल्ली। फिल्म तेजाब से एक-दो-तीन करती हुई बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित अब 41 वर्ष की हो गई हैं। उनकी अदाओं के सभी कायल हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी धक-धक गर्ल का पेशवर अंदाज अपने जलवे बिखेर रहा है।
माधुरी ने वर्ष 1986 में फिल्म अबोध से अपना फिल्मी जीवन शुरू किया था। आज 15 मई को वह अपने 41 वसंत पूरे कर रही हैं हालांकि रुपहले पर्दे पर माधुरी की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही थी। इसके बावजूद फिल्म तेजाब के एक-दो -तीन गीत से उन्होंने अपने चाहने वाली की लंबी कतार खड़ी कर दी। इसके बाद क्या कहने हैं! फिल्म हम आपके हैं कौन तक उन्होंने फिल्म जगत में एकक्षत्र राज किया। दर्शकों ने उनकी अभिनय क्षमता के साथ-साथ उनकी नृत्य कला की खूब प्रशंसा की। उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से भी नवाजा गया। एक दशक से भी अधिक समय तक बॉलीवुड में शिखर पर रही माधुरी ने 50 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया।
सन 1999 में एनआरआई डा. श्रीराम माधव नेने से शादी करके वह अमेरिका चली गई। रुपहले पर्दे से पांच साल दूर रहने के बाद 2007 में यशराज फिल्म्स की आजा नचले से माधुरी दीक्षित ने एक बार फिर बॉलीवुड में वापसी की है।