
मुंबई। बॉलीवुड में अपने अभिनय से दर्शकों पर एक अलग छाप छोड़ने वाले अभिनेता अनुपम खेर एक अनाथालय शुरू करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अब समाज को कुछ देना चाहते हैं।
अनुपम ने कहा, मैं जिंदगी के उस मोड़ पर पहुंच चुका हूं जहां रुक कर मैं यह सोच सकता हूं कि मैंने क्या पाया और क्या खोया। दरअसल, मैं खुद को एक सामाजिक व्यक्ति मानता हूं। अनुपम जल्द ही अनुपम खेर फाउंडेशन के तहत एक अनाथलय की स्थापना करेंगे। इसके अलावा वह भारत और विदेशों में अभिनय संस्थान भी खोल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित अनाथालय अगले साल के अंत तक शुरू हो जाएगा। शुरुआत में यहां 50-60 बच्चे रहेंगे। अनुपम ने इसके लिए लीड इंडिया अभियान में हिस्सा लेने वाले उज्ज्वल बनर्जी को मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि इसकी शुरुआत मुंबई से होगी।