कान फिल्म समारोह में पहुंचा बच्चन परिवार

कान फिल्म समारोह में पहुंचा बच्चन परिवार

कान।  इकसठवें कान फिल्म समारोह से पर्दा उठ गया है। बच्चन परिवार इस आयोजन में भारतीय दल का नेतृत्व कर रहा है। इस प्रतिष्ठित समारोह की शुरुआत मार्मिक फिल्म ब्लाइंडनेस के प्रदर्शन के साथ हुई।

कनाडाई पटकथा लेखक डान मैककेलर  की फिल्म ब्लाइंडनेस साहित्य के नोबेल पुरस्कार विजेता जोसे सरामेगो के पुर्तगाली भाषा के उपन्यास का फिल्मी रूपांतरण है। फिल्म का निर्देशन ऑस्कर के लिए नामांकित फर्नाडो निरेल्स  ने किया है।

निर्माता कनाडा के हैं। इसमें एक ऐसे कस्बे की कहानी है जिसमें एक चिकित्सक की पत्नी को छोड़कर हर किसी की आंख की रोशनी चली जाती है। अमेरिकी अभिनेता जूलिआना मूर  और मार्क रफालो  तथा मैक्सिको के स्टार गील गर्सिया बरनेल ने फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई है। विश्व का सबसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह इससे बेहतर फिल्म के साथ आरंभ नहीं हो सकता था। मूर  और बरनेल दोनों फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए पहुंचे। इस बार पुरस्कार की दौड़ में कुल 22  फिल्में शामिल हैं। इनमें स्टीवेन स्पिलबर्ग की चे ग्वारा बायोपिक, क्लिंट इस्टवुड  की चेंजलिंग तथा जेम्स ग्रे की टू लवर्स शामिल हैं। दिल्ली की सड़कों पर जीवन जीने को मजबूर बच्चों की स्थिति को उजागर करने वाली भारतीय फिल्म हम पंछी एक डाल के को भी इस वर्ष कान फिल्म समारोह के लिए चुना गया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि यह कान समारोह के लघु फिल्म संबंधित खंड में दिखाई जाएगी। नौ मिनट की इस फिल्म के पटकथा लेखक एवं निर्देशक मनोज श्रीवास्तव हैं। फिल्म समारोह में भाग लेने के लिए बच्चन परिवार यहां पहुंच गया है। ऐसे समारोहों से अमूमन दूर ही रहने वालीं  जया बच्चन भी कान गई हैं। पूर्व मिस व‌र्ल्ड और बच्चन परिवार की बहू ऐश्वर्या राय देवदास के बाद से लगातार कान फिल्म समारोह में शामिल होती रही हैं।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2008 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित