
मुंबई। फिल्म सांवरिया से अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री सोनम कपूर ने इस बात से इंकार किया है कि वह निर्देशक आदित्य चोपड़ा की नई फिल्म रब ने बना दी जोड़ी में शाहरुख खान की नायिका के रूप में सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब उन्हें पता चला कि इस फिल्म में अनुष्का शर्मा काम कर रही हैं तो उन्हें काफी राहत मिली। सोनम ने कहा, जब से फिल्म की घोषणा हुई थी मेरे बारे में अनुमान लगाए जा रहे थे कि मैं इस फिल्म का हिस्सा हूं अथवा नहीं। मुझे पता नहीं ये बातें कहां से शुरू हुई, मेरे सामने कभी इस फिल्म का प्रस्ताव नहीं रखा गया।
सोनम ने कहा कि वह भी अन्य कलाकारों की तरह आदित्य से मिली हैं लेकिन किसी खास भूमिका की चाह में उन्होंने ऐसा नहीं किया है। सोनम ने चुटकी लेते हुए कहा कि अब शायद लोग कहें कि मैं यशराज बैनर तले किसी फिल्म में काम कर रही हूं। सोनम ने कहा कि वह सांवरिया और दिल्ली 6 जैसी दो फिल्मों में पारंपरिक भूमिकाएं निभा चुकीं हैं और अब उन्हें एक नई तरह की भूमिका की तलाश है।