
नई दिल्ली। मनोरंजन चैनल एमटीवी के लोकप्रिय वीडियो जॉकी (वीजे) रणविजय अब टॉस फिल्म के जरिए रंगीन पर्दे की दुनिया की ओर मुड़ रहे हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि वह वीजे का काम नहीं छोड़ेंगे।
रणविजय ने कहा, अब मैं फिल्म की दुनिया की ओर कदम बढ़ाने जा रहा हूं, लेकिन वीजे का काम मैं करता रहूंगा। दरअसल, यह मेरी रोटी से जुड़ा हुआ है। गौरतलब है कि एमटीवी के लोकप्रिय कार्यक्रम रोडिज के लिए रणविजय पहचाने जाते हैं। उनका यह कार्यक्रम टेलीविजन के सफल कार्यक्रमों में एक माना जाता है। रणविजय ने इस कार्यक्रम में अपनी जगह प्रतिभागी के तौर पर बनाई। आगे चलकर उन्हें इस कार्यक्रम का संचालन करने का मौका मिला और वह बन गए वीजे।
टॉस फिल्म में रणविजय एक ऐसे व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं जिसे भगवान पर अटूट विश्वास रहता है। टॉस में अपने किरदार केबारे में उन्होंने कहा, फिल्म निर्माता को एक ऐसे कलाकार की तलाश थी जो देखने में अच्छा हो, पता नहीं मैं उनके कसौटी पर कितना खरा उतरा।