
कान। कल से शुरु हुये कान फिल्मोत्सव में सदाबहार अभिनेता देवानंद अभिनीत गाइड, सौंदर्य की मल्लिका ऐश्वर्य राय एवं अभिषेक बच्चन अभिनीत गुरु , संजयदत्त अभिनीत फिल्म लगे रहो मुन्नाभाई और भावना तलवार निर्देशित धर्म सहित कुल सात भारतीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जायेगा1। ये फिल्में 19 और 20 मई को दिखायी जायेगी। ये फिल्में. आल सिनेमाज ऑफ द वर्ल्ड. नामक कार्यक्रम के तहत दिखायी जायेंगी।
इस कार्यक्रम के अध्यक्ष सर्गेसाब्ज सिकी ने बताया कि भारत को खास तौर पर इस कार्यक्रम के लिये आमंत्रित किया है। इस साल भारत की आजादी के साथ-साथ कान फिल्मोत्सव के भी साठ साल पूरे हो रहे हैं।
फिल्मोत्सव में दिखायी जाने वाली अन्य फिल्मों में सायरा (मलयालम), वेयिल (तमिल), दोसर ( बंगला) और मिस्डकाल (अंग्रेजी) शामिल हैं। इस फिल्मोत्सव की शुरुआत कल वांग कार वायी की फिल्म माई ब्लूबरी नाइट्स से हुई जिसमें गायिका नोरा जोन्स मुख्य भूमिका में हैं। नोरा जोन्स मशहूर सितार वादक पंडित रविशंकर की बेटी है। उन्हें वर्ष 2003 में ग्रैमी संगीत पुरस्कारों में आठ सम्मान मिले थे।
27 मई तक चलने वाले कान फिल्मोत्सव के लिये एश्वर्य राय इस बार अभिषेक बच्चन के साथ आयी है। इस फिल्मोत्सव में देव आनंद को खास तौर पर आमंत्रित किया गया है। फिल्म को लेकर देव आनंद खुद कान पहुंचे हैं।
देवानंद कहते हैं कि यह पहली बार है जब मुझे कान उत्सव में आने का मौका मिला है। गाइड 42 साल पहले बनी थी, अगर आज उसे अंतरराष्ट्रीय उत्सव में दिखाया जा रहा है तो इससे बेहतर क्या हो सकता है। उन्होंने कहा मैं ऐसे लोगों को जानता हूं जो बताते हैं कि उन्होंने कोई 20-30 बार गाइड देखी है। बस अगर किसी को मिस कर रहा हूं तो गाइड के निर्देशक विजय आनंद को, काश वह भी हम सब के साथ होते।
कान फिल्मोत्सव में भारतीय सिनेमा पर चर्चा का आयोजन भी होगा जिसमें जगमोहन मूंदडा, केतन मेहता, सुधीर मिश्रा और अशोक अमृतराज जैसे जाने माने फिल्मकार हिस्सा लेंगे।
भारत की कोई भी फिल्म कान समारोह में किसी भी पुरस्कार श्रेणी में जगह नहीं बना पायी है सिवाय सिनेफानडेशन श्रेणी के सिनेफानडेशन श्रेणी में लघु फिल्मों में भारत की राका दत्त की फि ल्म चाइनीज विसपर्स को नामित किया गया है।
कान में दिखायी जाने वाली हॉलीवुड फिल्मों में भारत अपनी उपस्थिति फिल्म ए माइटी हार्ट के जरिए भी दर्ज करवाएगा जिसमें इरफान खान अहम भूमिका में है। यह फिल्म पत्रकार डेनियल पर्ल की ंिजंदगी पर आधारित है। पत्रकार डेनियल पर्ल का पाकिस्तानी शहर कराची में अपहरण हो गया था जिसके कुछ समय बाद उनकी हत्या कर दी गयी। इसके अलावा भारत से कई फिल्म प्रोडक्शन कंपनियों के अपनी-अपनी फिल्मों के विज्ञापन के लिए कान आने की उम्मीद है।