
मुंबई। पाकिस्तान में पहली बार मंगलवार की रात किसी भारतीय फिल्म का प्रीमियर आयोजित हुआ। यह फिल्म है भट्ट कैंप की जन्नत। पाकिस्तान से वापस लौटे फिल्मकार महेश भट्ट ने जागरण को बताया, मैंने चार साल पहले सपना देखा था कि पाकिस्तान में अपनी किसी फिल्म का प्रीमियर करूंगा। मेरा वह सपना फिल्म जन्नत से पूरा हो गया। वैसे तो हमारे यहां बनी फिल्में वहां रिलीज होती रहती हैं लेकिन जन्नत पहली फिल्म है जिसका प्रीमियर हमने वहां रखा। वहां की जनता और मीडिया ने हमारी फिल्म के प्रति जो उत्साह दिखाया, उसे देखकर मैं बेहद प्रसन्न हुआ। इमरान हाशमी के दीवाने तो पाकिस्तान में हैं ही, नई लड़की सोनल के लिए भी वहां की जनता खूब दीवानी दिखी। बुधवार को जन्नत दुबई में रिलीज हो चुकी है। शुक्रवार को यह भारत सहित पाकिस्तान में रिलीज हो रही है। उम्मीद है कि पाकिस्तान की जनता इस फिल्म को देखने सिनेमाघरों में जरूर उमड़ेगी।
उल्लेखनीय है, भट्ट कैंप ने फिल्म जन्नत का निर्माण पाकिस्तान के निर्माता सोहेल खान के साथ मिलकर किया है। यह फिल्म पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट कोच बाब वूल्मर की मौत की घटना से प्रेरित है और इसमें इमरान हाशमी एवं सोनल चौहान प्रमुख भूमिका में हैं।