
मुंबई। आमिर खान के कुत्ते का नाम शाहरुख है, इस बात का किंग खान पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और वे इसे अच्छी भावना से ले रहे हैं।
अभी कुछ ही दिन पहले अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लाग में अभिनेता से सांसद बने शत्रुघ्न सिन्हा पर टिप्पणी कर विवाद खड़ा कर दिया था। अब आमिर के अपने ब्लाग में पंचगनी स्थित अपने आवास पर शाहरुख नाम का कुत्ता होने की बात कही है। फिल्म गजनी की शूटिंग के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव के बाद स्वास्थ्य लाभ कर रहे आमिर खान ने कहा था कि कुत्ते के नाम से उनका कुछ लेना-देना नहीं है। शाहरुख नाम का कुत्ता उनके घर की देखरेख करने वालों का है। जब उन्होंने यह घर खरीदा तो कुत्ता यहीं रह गया। आमिर की इस टिप्पणी पर शाहरुख खान ने कहा कि उन पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और वे इसे अच्छी भावना से ले रहे हैं। शाहरुख ने कहा कि मैं इससे कभी परेशान नहीं होता क्योंकि मैं भी कई बार मजाक में ऐसी चीजें कह जाता हूं और सोचता हूं कि दूसरों को इससे कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जब मेरे मित्र इस तरह की कोई टिप्पणी करते हैं तो मैं इससे परेशान नहीं होता हूं बल्कि वास्तव में इसका आनंद उठाता हूं। आमिर ने ब्लाग में कहा था कि मैंने इस मकान को केवल कुत्ते की वजह से खरीदा। मैं शाहरुख का संजीदा प्रशंसक हूं। आमिर ने ब्लाग में लिखा था कि शाहरुख उनके कदमों में पड़ा है और वे उसे बिस्कुट खिला रहे हैं।