
मुंबई। जाने-माने फिल्म निर्माता महेश भट्ट के अनुसार शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म जन्नत इमरान हाशमी की छवि पूरी तरह बदल देगी।
भट्ट ने कहा, जैसे मेरी फिल्म नाम ने संजय दत्त की छवि बदल दी थी। मुझे यकीन है कि जन्नत इमरान हाशमी की छवि भी बदल देगी। इसमें इमरान भी संजय की तरह एक ऐसी युवती से प्यार करने लगते हैं जिसकी सोच उनसे बिल्कुल भी मेल नहीं खाती। उल्लेखनीय है कि इमरान की प्रेमिका के रूप में सोनल चौहान ने जबरदस्त भूमिका निभाई है। फिल्म का निर्देशन कुणाल देशमुख ने किया है।
आदर्शवाद और भ्रष्टाचार को उठाने वाले महेश भट्ट की फिल्में हमेशा जोखिम भरी होती हैं। जन्नत में इमरान हाशमी एक क्रिकेट सट्टेबाज की भूमिका में हैं जिनका मानना है कि क्रिकेट में खूब पैसा है। इस बारे में भट्ट ने कहा,क्रिकेट की दुनिया में आज जितना पैसा है, कहीं और नहीं है। ऐसे में हर कोई इससे पैसे कमाने की सोच रहा है।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के कारण क्रिकेट का माहौल गर्म होने से भट्ट खुश हैं। उन्हें यकीन है कि इससे उनकी फिल्म अच्छा व्यवसाय कर पाएगी। भट्ट मानते हैं कि महान क्रिकेट खिलाड़ी बॉब वूल्मर की संदेहास्पद मौत से इस फिल्म के कहानीकार अवश्य प्रभावित थे। हालांकि, इस फिल्म के विषय को वह आईपीएल से जोड़ने से बचते दिख रहे हैं।