
बैंकाक। [अजय ब्रह्मात्मज]। बैंकाक में शुक्रवार को तीन दिनों केआईफा वीकेंड की शुरुआत हुई। वैसे इस बार समारोह में बालीवुड सितारों की मौजूदगी पिछले साल की तुलना में कम है, लेकिन खास बात यह है कि पूरा बच्चन परिवार यहां जुटा है। अमिताभ-अभिषेक-ऐश्वर्या की नई फिल्म सरकार राज के प्रीमियर में शामिल होने के लिए जया बच्चन भी पहुंची हुई हैं।
आईफा वीकएंड के उद्घाटन कार्यक्रम में अमिताभ और जया बच्चन एक तरफ थे तो अभिषेक और ऐश्वर्या एक-दूसरे का हाथ थामे होटल की लाबी में टहलते नजर आ रहे थे। अभिषेक बच्चन केसाथ बातचीत में सरकार राज की चर्चा चली तो वह अपनी छोड़ पिता अमिताभ और पत्नी ऐश्वर्या के काम की तारीफ करने लगे।
अभिषेक ने कहा कि सरकार राज में डैड का काम सरकार से बहुत आगे है। सरकार राज में हम सभी अपने कैरेक्टर को इंटेंस बनाने की कोशिश में थे। एडीटिंग के दौरान हमने देखा कि डैड ने ऐसी कोई कोशिश नहीं की। उनके सहज अभिनय से वह किरदार प्रभावशाली बन गया और हम सभी उनके सामने फीके पड़ गए।
बीवी ऐश्वर्या के बारे में उन्होंने कहा कि सरकार राज में ऐश्वर्या का काम बिल्कुल अलग है। अनीता राज का किरदार उनके लिए निश्चित ही चुनौती रही होगी, क्योंकि यह किरदार हिंदी फिल्मों की नायिकाओं के साथ जुड़ी हरकतों से दूर ही रहता है। मैं पति होने के कारण उनकी सराहना नहीं कर रहा हूं। वह हैं ही तारीफ के काबिल।