
बैंकाक से अजय ब्रह्मात्मज
बैंकाक के भव्य शॉपिंग माल स्याम पैरागॉन में स्थित रॉयल पैरागॅन हाल में आईफा फैशन शो में थाईलैंड और आसपास के देशों से आए दर्शकों ने रोहित बाल,मनीष मल्होत्रा, सब्यसाची बर्मन और विक्रम फड़नीस के डिजाइन किए परिधानों को देखा। इन सभी के परिधानों को हिंदी फिल्मों के सितारों ने रैंप पर प्रदर्शित किया। करीना कपूर के डिजाइन परिधान पहन कर करीना कपूर रैंप पर चलीं। उनके अलावा लव स्टोरी 2050 की लीड जोड़ी हरमन बावेजा और प्रियंका चोपड़ा भविष्य के परिधान की झांकी पेश की। उन्होंने अपनी फिल्म के परिधानों को पेश किया। सब्यसाची और विक्रम फड़नीस के परिधानों को पहनकर रैंप पर उतरने वालों में रितेश देशमुख और जाएद खान प्रमुख थे। देश के मशहूर डिजाइनरों के साथ मुफ्ती और अल्टा मोडा डिजाइनर ब्रांड के परिधान भी रैंप पर दिखे, जिन्हें मुख्य रूप से थाईलैंड के माडलों ने पेश किया। फैशन शो की खास बात यह रही कि एसिड फैक्ट्री और मिशन इस्तांबुल के स्टारों ने भी रैंप पर चल कर दर्शकों का दिल जीता। देर रात तक चले इस फैशन शो में आईफा वीकएंड में भाग लेने आए सितारे भी मौजूद थे। स्थानीय दर्शकों से माल भरा था। जिन दर्शकों ने फैशन शो के टिकट नहीं लिए थे उन्होंने स्टारों को बाहर देख कर ही संतोष कर लिया। आाईफा फैशन समारोह से एकत्रित धन आईफा फाउंडेशन को दिया जाएगा,जो फिल्म इंडस्ट्री के जरूरतमंदों की मदद करता है। 3000 डॉलर का है आईफा वीकएंड समारोह तीन दिनों के आईफा वीकएंड समारोह का टिकट 3000 अमेरिकी डॉलर का है। इसे खरीदने वालों में बैंकाक के निवासियों के साथ ही दुनिया भर केहिंदी सिनेमा प्रेमी हैं। न्यूजीलैंड से सरिता ने कहा कि साल में एक बार आईफा वीकएंड समारोह में आकर मैं अपने पसंदीदा सितारों को देख लेती हैं। यहां अन्य फिल्मी लोगों से मिलकर भारत और हिंदी सिनेमा का ताजा हाल भी मिल जाता है। वह पिछले चार साल से लगातार आईफा में अ ा रही हैं। थाईलैंड में बसे जोशी ने बताया कि इन दिनों बैंकाक में हिंदी फिल्मों का आना-जाना बढ़ गया है। मैंने देखा है कि यहां सितारे अच्छे तरीके मिलते हैं। भारत में मैंने मुंबई में एक-दो बारमिलने का प्रयास किया, लेकिन निराशा ही हाथ लगी। वे मानते हैं कि टिकट थोड़ा महंगा है, लेकिन खुद ही कहते हैं ़ ़ ़सितारे सस्ते कैसे हो सकते हैं?
बच्चन परिवार की अविस्मरणीय यात्रा
बच्चन परिवार तीन चरणों में भारत समेत पूरी दुनिया की यात्रा करेगा। इस यात्रा का आयोजन विज क्राफ्ट ही कर रहा है। जुलाई से आरंभ हो रही यह यात्रा फरवरी 2009 तक चलेगी। इसमें बच्चन परिवार के तीन एक्टिव सदस्यों अमिताभ,अभिषेक और ऐश्वर्या के साथ प्रीति जिंटा और रितेश देशमुख शामिल होंगे। यह यात्रा कनाडा केटोरंटो शहर से आरंभ होगी। टोरंटो में गेस्ट स्टार के तौर पर अक्षय कुमार मौजूद रहेंगे। अमेरिका के शहरों में माधुरी दीक्षित गेस्ट स्टार होंगी तो इंग्लैंड में शिल्पा शेट्टी साथ देगी। अनफौगेटेगल नाम की इस यात्रा में संगीतकार के तौर पर विशाल शेखर की जोड़ी रहेगी। इस मौके पर अमिताभ बच्चन ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले इस प्रकार के स्टार शो की शुरूआत की थी। उस समय वे कल्याणजी आनंदजी की टीम को साथ लेकर साउथ अफ्रीका गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि लंदन के विंबले स्टेडियम में उन्होंने जुम्मा चुम्मा शो किया था,जिसमें आमिर खान और सलमान खान भी स्टेज पर उतरे थे। जुम्मा चुम्मा की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उस शो को सिनेमाघरों में फिल्म की तरह रेगुलर शो में प्रदर्शित किया गया था।