
बैंकाक। थाइलैंड की राजधानी बैंकाक में रविवार की रात अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (आईफा) -2008 के विजेताओं की घोषणा कर दी गई। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार शाहरुख खान को और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार करीना कपूर को मिला।
सर्वश्रेष्ठ संगीतकार का पुरस्कार ए आर रहमान को फिल्म गुरु के लिए मिला। सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार फिल्म ओम शांति ओम के लिए जावेद अख्तर ने जीता। कोंकणा सेन और इरफान खान को क्रमश: सर्वश्रेष्ठ सहअभिनेत्री और सहअभिनेता का पुरस्कार मिला। आईफा मेल आइकन अभिषेक बच्चन चुने गए। सर्वश्रेष्ठ गायिका श्रेया घोषाल (बरसो रे मेघा मेघा-गुरु) और गायक शान (जब से तेरे नैना-सांवरिया) रहे। बालीवुड के नए सितारे रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण को सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता- अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। रणबीर जहां सांवरिया में छाए रहे, वहीं दीपिका को ओम शांति ओम ने प्रसिद्धि दिलाई।
ओम शांति ओम को कई तकनीकी पुरस्कार जिसमें सर्वश्रेष्ठ स्पेशल इफैक्ट और सर्वश्रेष्ठ कला निर्देशन भी शामिल है, मिले। नकारात्मक भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनय के लिए विवेक ओबेराय (शूटआउट एट लोखंडवाला) को पुरस्कृत किया गया। सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता का पुरस्कार फिल्म पार्टनर के लिए गोविंदा को मिला। गुजरे जमाने की मशहूर अभिनेत्री मुमताज और वरिष्ठ फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल को स्पेशल आनर अवार्ड दिया गया।
अभिनेता अक्षय कुमार को मेजबान देश थाइलैंड की ओर से विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जब वी मेट के लिए इम्तियाज अली को सर्वश्रेष्ठ डायलाग लेखन का पुरस्कार मिला।