
मुंबई। निर्देशक प्रियदर्शन ने माना कि अगली फिल्म बिल्लो बारबर की पटकथा उन्होंने अपनी पसंदीदा अभिनेत्री तब्बू को ध्यान में रखकर लिखी थी, लेकिन तारीख की परेशानियों के कारण उन्होंने लारा दत्ता को अपनी फिल्म में ले लिया है।
प्रियदर्शन और तब्बू एक साथ विरासत और काला पानी जैसी कई बेहतरीन फिल्में कर चुके हैं। हेरा फेरी में काम करने के लिए भी तब्बू सिर्फ प्रियदर्शन के कारण ही तैयार हुई थीं। प्रियदर्शन कहते हैं, इसकी कहानी गांव की एक लड़की पर आधारित है। इस महिला प्रधान कहानी के लिए मैं तब्बू को लेना चाहता था, लेकिन तारीख की परेशानियों के कारण अब लारा को लिया गया है।
इस फिल्म में लारा नाई की भूमिका निभा रहे इरफान खान की पत्नी के किरदार में दिखेंगी। अरशद वारसी की अभिनेत्री बनने से मना कर देने वाली लारा इन दिनों अपने नायक को लेकर काफी सचेत हैं। इसमें इरफान की पत्नी बनने के लिए वह सिर्फ इसलिए तैयार हुई हैं, ताकि उन्हें शाहरुख खान के साथ काम करने का मौका मिल सके। लारा ने कभी भी शाहरुख के साथ काम नहीं किया और इस फिल्म का निर्माण वही कर रहे हैं। अभिनेता शाहरुख खान इसमें अभिनय भी कर रहे हैं।