बालीवुड में मुझे शेखर कपूर लेकर आए: प्रीति

बालीवुड में मुझे शेखर कपूर लेकर आए: प्रीति

मुंबई। विवादों को दरकिनार करते हुए लगातार आगे बढ़ते रहने वाली अभिनेत्री प्रीति जिंटा के दिल में निर्देशक शेखर कपूर के लिए बहुत आदर है और वह उनका साथ देने के लिए हमेशा तैयार हैं। प्रीति ने कहा कि मेरे लिए शेखर हमेशा से ही खास हैं। इस इंडस्ट्री में वे ही मुझे लेकर आए थे। हालांकि वह फिल्म बन नहीं पाई, लेकिन मैं उनकी आभारी हूं और उनकी बेहद इज्जत करती हूं।

शेखर की पूर्व पत्‍‌नी सुचित्रा कृष्णमूर्ति अपने तलाक का कारण प्रीति को मानती हैं। शेखर ने फिल्म ता रा रम पम के लिए प्रीति को साइन किया था। इस फिल्म को विशाल भारद्वाज निर्देशित करने वाले थे, हालांकि परिस्थितिवश फिल्म बन नहीं पाई। यह पूछने पर कि क्या वह शेखर की किसी अन्य फिल्म में भी काम कर रही हैं? प्रीति ने इसका जवाब ना में देते हुए कहा कि उसके बाद से शेखर ने उनसे संपर्क नहीं किया है।

हाल ही में प्रीति ने जाहनु बरुआ की हर पल, रितुपर्णो घोष की अंग्रेजी फिल्म द लास्ट लीयर, समीर कार्णिक की हीरोज और दीपा मेहता की पंजाबी फिल्म हेवन ऑन अर्थ की शूटिंग पूरी की है। इनमें से हेवन ऑन अर्थ प्रीति के दिल के सबसे करीब है। रंगमंच के मंजे हुए कलाकारों ने इसमें अभिनय किया है। वहीं, हर पल में उनके साथ धर्मेद्र, शाइनी आहूजा और ईशा कोप्पिकर हैं।

प्रीति के साथ द लास्ट लीयर में अमिताभ बच्चन, अर्जुन रामपाल, दिव्या दत्ता एवं शेफाली शाह और हीरोज में सलमान खान, सन्नी देओल, बॉबी देओल, मिथुन चक्रवर्ती, सोहैल खान, डिनो मोरिया, वत्सल शेठ, अमृता अरोड़ा एवं रिया सेन अभिनय करते दिखेंगे।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(1) वोट का औसत

average:1
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित