
दुबई। बालीवुड के पटकथा लेखक अब्बास टायरवाला का कहना है कि उनकी पहली निर्देशित फिल्म जाने तू.. या जाने ना दर्शकों को उनके कॉलेज दिनों की याद दिलाएगी। अब्बास ने कहा कि अपने कॉलेज के दिनों को याद करके ही मैंने यह फिल्म बनाई है। फिल्म की मूल कहानी को छोड़कर बाकी सभी घटनाएं सच्चाई से प्रेरित हैं।
आमिर खान निर्मित यह फिल्म 4 जुलाई को रिलीज होगी। यह संगीतमय, रोमांटिक और हास्य फिल्म है। कॉलेज के दिनों में जो भी दोस्तों के साथ समूह बनाकर रहते होंगे, उन्हें फिल्म पसंद आएगी। इस फिल्म के जरिए आमिर के भांजे इमरान इंडस्ट्री में कदम रख रहे हैं। इमरान इस फिल्म में जय सिंह राठौड़ के किरदार में नजर आएंगे।
अब्बास के अनुसार, आमिर ने मुझे पहले ही कह दिया था कि मैं बिल्कुल भी यह न सोचूं कि यह मेरे भांजे की पहली फिल्म है। जब निर्माता ऐसा कह दें, तो काम करना आसान हो जाता है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने मुंबई के 20 वर्षीय युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया है, जो फिल्म की कहानी से पूरी तरह मेल खाता है।
सलाम नमस्ते, मैं हूं ना और मुन्नाभाई एमबीबीएस जैसी फिल्मों के लिए डायलॉग लिख चुके अब्बास ने बेहतर निर्देशन करने की कोशिश की है। अब्बास चाहते हैं कि उनकी फिल्म दर्शकों के दिल को छू जाए।