
नई दिल्ली। बतौर अभिनेता और एंकर अपना सिक्का जमा चुके भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार रविकिशन अब बॉलीवुड की बड़े बजट की फिल्मों में वापसी करने की योजना बना रहे हैं। रविकिशन ने कहा मैंने अपना फिल्मी सफर बॉलीवुड से शुरु किया था लेकिन उस वक्त पहचान नहीं मिल सकी। अब भोजपुरी की कई हिट फिल्में देनें के बाद कई अच्छी फिल्मों के प्रस्ताव मेरे पास हैं। उन्होंने कहा कि इस समय उनकी झोली में चार हिन्दी फिल्में हैं। उन्होंने बताया कि गोविंदा के साथ मनी हैं तो हनी हैं और लूट है। इसके अलावा सोहम की लक जिसमें आमिर खान के भांजे इमरान खान और कमल हासन की बेटी श्रुति मुख्य भूमिका में हैं और इसमें संजय दत्त और मिथुन चक्रवर्ती भी हैं। साथ ही श्याम बेनेगल के साथ महादेव है।
बॉलीवुड की फिल्मों के अलावा रविकिशन के हाथ में पांच भोजपुरी फिल्में भी हैं। चक दे बिहार, बिहार के युवा की कहानी है जो राज्य में ही रोजगार तलाशता है ताकि वह राज्य के विकास में योगदान दे सके। फिल्म बिहारी माफिया एक गुंडे की सच्ची कहानी है। इसी प्रकार भागवत एक युवा की कहानी है जो माफिया बन जाता है।
रवि ने स्वीकार किया कि हिन्दी फिल्में पूरे विश्व के दर्शकों तक पहुंचने में मदद करेंगी। हालांकि रवि का खुद का प्रोडक्शन हाउस महादेव फिल्म प्राइवेट लिमिटेड आने वाले सालों में पांच फिल्मों का निर्माण करेगा।