
मुंबई। आमिर खान के न्यौते पर अमिताभ बच्चन न केवल जाने तू के प्रीमियर पर पहुंचे, बल्कि उन्होंने सुबह-सुबह अपनी 71वीं पोस्ट की कड़ी में उसकी तारीफ की। किसी समीक्षक की तरह उन्होंने तारीफ के शब्द चुने हैं और अपनी पहली प्रतिक्रिया रखी है। उन्होंने लिखा है कि जाने तू अद्भुत मधुर फिल्म है। युवा प्रतिभाओं की यह फिल्म ताजगीपूर्ण है। पता ही नहीं चलता के ये नए ऐक्टर ऐक्टिंग कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म के स्क्रिप्ट की तारीफ करने के साथ ही लिखा है कि यह इमरान खान की पहली फिल्म नहीं लगती और जीनिलिया की सूरत और आंखें भावपूर्ण हैं। उन्होंने याद किया है कि जीनिलिया ने उनके साथ पहली बार एक एड फिल्म के लिए कैमरा फेस किया था। इस पोस्ट में उन्होंने स्मिता पाटिल के बेटे प्रतीक बब्बर के प्रभावशाली अभिनय की भी तारीफ की है और स्मिता से जुड़ी यादों के बारे में लिखा है।