
नई दिल्ली। धारावाहिकों की रानी कही जाने वाली एकता कपूर ने आखिरकार रियलिटी शो की दुनिया में कदम रख ही दिया। उनका पहला डांस रियलिटी शो कभी कभी प्यार कभी कभी यार सोनी टीवी पर 9 जुलाई से बुधवार और गुरुवार रात 8 बजे से प्रसारित किया जाएगा।
सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के कार्यकारी उपाध्यक्ष और बिजनेस हेड अल्बर्ट अलमैदा ने कहा कि पहली बार किसी रियलिटी डांस शो में भाग ले रहे सेलिब्रिटी अपने जीवनसाथी और परदे के साथियों केसाथ एक साथ हिस्सा लेंगे। दर्शकों की पसंद के सारे मसाले इसमें डाले गए हैं।
शो के दौरान इन पार्टनरों की केमिस्ट्री के आधार पर उनका आकलन किया जाएगा। इसमें निर्णायक की भूमिका निभा रहे फिल्मनिर्माता महेश भट्ट, कोरियोग्राफर गणेश हेगडे और खूबसूरत अभिनेत्री समीरा रेड्डी। अभिनेत्री रक्षंदा खान और अभिनेता सचिन त्यागी इस शो को होस्ट करेंगे।
इसमें भाग लेने वाली जोडि़यां होंगी, हितेन तेजवानी, गौरी प्रधान और नंदिनी सिंह, कश्मीरा शाह, कृष्णा और मुकुल देव, अमित सरीन, विनिशा अमित सरीन और आशका गोरडिया, कर्णवीर बोहरा, तीजय सिद्धू और टीना पारेख, विशाल सिंह, प्रणीता साहु और डिंपल झिंगियानी, जतिन शाह, प्रिया भटीजा और शालिनी चंद्रन, मृदुल, टीना और वाशना अहमद। इस शो का प्रसारण सुनील शेट्टी की पॉपकॉर्न एंटरटेनमेंट और एकता कपूर की बालाजी टेलीफिल्म्स मिलकर कर रहे हैं।