
बंगलौर। गायिका व अभिनेत्री वसुंधरा दास फिल्मी गानों के प्रशंसकों को संगीत की अन्य विधाओं से भी जोड़ना चाहती हैं और इसीलिए उन्हें संगीत की धुनों पर नए-नए प्रयोग करने वाले वर्ल्ड म्यूजिक बैंड से जुड़े रहना पसंद है।
वसुंधरा ने कहा, इस देश के लोग संगीत से बेहद प्रेम करते हैं। बदकिस्मती से उनमें से ज्यादातर लोग केवल फिल्मी गाने सुनने को मजबूर हैं। मैं इसे बदल देना चाहती हूं।
वर्ल्ड म्यूजिक बैंड से अपने जुड़ाव को लेकर वह कहती हैं, बड़े पैमाने पर मैं एक ऐसे समूह से जुड़ी हूं जो संगीत में नए ट्रेंड स्थापित करना चाहता है।
कमल हासन की फिल्म हे राम से अभिनेत्री के रूप में अपना करियर शुरू करने वाली गायिका वसुंधरा बीटल्स ग्रुप के गायक जॉन लेनन से प्रभावित हैं, जो प्रसिद्धि के बावजूद लगातार प्रयोग करने और कुछ नया बनाने का प्रयास करते हैं।
शाकालाका बेबी और सलाम नमस्ते जैसी फिल्मों के गाने गा चुकीं वसुंधरा कहती हैं कि इमेजिन और डबल फैंटेसी जैसे उनके एलबम इसका उदाहरण हैं। बंगलौर में जन्मी और पली-बढ़ी वसुंधरा संगीत के साथ प्रयोग करने के लिए अब मुंबई में हैं। कई तमिल व हिंदी फिल्मों में अभिनय कर चुकीं वसुंधरा अभिनय तो करना चाहती हैं, लेकिन उनकी ज्यादा रुचि गायन में है।