
मुंबई। अगले महीने रिलीज होने वाली फिल्म रॉक आन से बॉलीवुड में कदम रखने जा रही छोटे पर्दे की बानी यानी प्राची देसाई ने कहा कि टेलीविजन से बड़े पर्दे पर आने का अनुभव सुखद और सकारात्मक रहा है।
इस फिल्म के म्यूजिक रिलीज पर प्राची ने कहा मेरी पहली फिल्म में मेरी भूमिका सहज रही है जिसमें मैंने फरहान की पत्नी की भूमिका अदा की है जो एक रॉक स्टार हैं।
प्राची देसाई टेलीविजन सोप क्वीन एकता कपूर की खोज हैं। उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री के लिए धारावाहिक कसम से छोड़ दिया। रोचक बात यह है कि रॉक आन का निर्देशन एकता के रिश्ते के भाई अभिषेक कपूर ने किया है। प्राची ने माना कि रियल्टी शो झलक दिखला जा ने उनकी पहचान बनाने में मदद की। उन्होंने कहा रोज प्रसारित होने वाले धारावाहिक से मुझे बानी के रूप में पूरी दुनिया में पहचान मिली। डांस शो में भाग लेना मेरे लिए अच्छा ब्रेक रहा।
प्राची ने कहा कि फिल्म में उन्हें अपने डांस की काबलियत दिखाने का मौका नहीं मिला लेकिन उन्होंने फिल्म में एक गाना गाया है। उन्होंने कहा कि वह इस बात से वाकिफ हैं कि रजतपट की दुनिया पुरुष प्रधान है जबकि टेलीविजन महिला चरित्रों को प्रमुखता से दिखाया जाता है। प्राची कालेज में प्रथम वर्ष की छात्रा है और फिल्म की शूटिंग के चलते वह परीक्षा में नही बैठ सकी।