
मुंबई। अगले महीने रिलीज होने वाली फिल्म रॉक आन में बतौर अभिनेता दिखने वाले फिल्मकार फरहान अख्तर ने कहा कि अभिनय करना वाकई में बहुत मजेदार रहा।
कल रात फिल्म की म्यूजिक रिलीज पर फरहान ने कहा जब लोगों ने मुझसे आश्चर्य से पूछा कि निर्माता निर्देशक के तौर पर स्थापित होने के बाद मुझे अभिनय की क्या सूझी तो मैंने कहा क्यों नहीं। लेखक निर्देशक और निर्माता के तौर पर अपना सिक्का जमा चुके फरहान फिल्म रॉक आन में गायक और अभिनेता के रूप में दिखाई देंगे।
गायक के अपने नये अवतार के बारे में फरहान ने कहा कि फिल्म में उन्होंने एक रॉक स्टार की भूमिका निभायी है। निर्देशक अभिषेक कपूर चाहते थे कि इस चरित्र को निभाने वाला अभिनेता गाने भी खुद गाये। फिल्म के निर्माता फरहान ने कहा मैंने गाना गाने की कोशिश की है और यह कोशिश अच्छी होगी।
उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण अभिनय और गायन अलग-अलग स्तर पर संतुष्टि प्रदान करता है। लेकिन एक बात निश्चित है कि निर्देशन में जो मिला वह कहीं और नहीं मिल सकेगा। फरहान के बैंड के लाइव शो के बाद गीतकार जावेद अख्तर ने फिल्म का म्यूजिक रिलीज किया।