जाने तू.... में गीत जोड़ा गया

जाने तू.... में गीत जोड़ा गया

आमिर खान प्रोडक्शन की नयी फिल्म जाने तू.... में एक गीत जोड़ा गया है। कह सकते हैं कि यह गीत दर्शकों की मांग पर डाला गया है। पांच दिन पहले आमिर खान ने अपने ब्लॉग पर दर्शकों से पूछा था कि क्या वे जाने तू मेरा क्या है, जाने तू मेरा क्या था डालें। उस पोस्ट में उन्होंने विस्तार से बताया था कि किस सिचुएशन में वह गीत फिल्म में नहीं रखा गया था। उन्होंने लिखा था ए आर रहमान गीत रखने के पक्ष में थे, जबकि निर्देशक अब्बास के साथ मंसूर खान और आमिर खान बगैर उस गीत के ही फिल्म रिलीज करना चाहते थे। फिल्म के हिट हो जाने के बाद आमिर ने गीत न रखने का राज खोला और दर्शकों की राय मांगी। अधिकांश दर्शक ब्लॉगरों ने गीत रखने का समर्थन किया, इसलिए बहुमत की राय का सम्मान करते हुए आमिर खान ने एक्सपेरिमेंट के तौर पर एक हफ्ते के लिए गीत जोड़ दिया है। उल्लेखनीय है कि जाने तू.... में नया गीत सिर्फ देश के दर्शक ही देख पाएंगे। विदेश के दर्शक इसे नहीं देख पाएंगे, क्योंकि विदेशी वितरकों ने अनेक परेशानियों के बहाने गीत जोड़ने से मना कर दिया। आमिर खान ने आग्रह किया है कि आप इस ब्लॉग पर विदेशों में चल रहे प्रिंट में भी गीत जोड़ने की मांग करें तो मैं वितरकों को राजी कर लूंगा। सीधे दर्शकों की मांग पर कोई निर्माता पहली बार किसी फिल्म में गीत जोड़ रहा है। इसे ब्लॉग बने सीधे संपर्क का नतीजा माना जा रहा है।

-अजय ब्रह्मात्मज

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(5) वोट का औसत

average:4
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2008 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित