
मुंबई। कुछ साल पहले टेलिवीजन पर पहली लाफ्टर चैलेंज प्रतियोगिता जीतने वाले मशहूर हास्य कलाकार अब फिल्म निर्माता बन गये हैं। बतौर निर्माता-निर्देशक और अभिनेता उनकी पहली फिल्म भावनाओं को समझो का पिछले हफ्ते निर्माण शुरू हो गया। फिल्म में उनके सहकर्मी हास्य कलाकार नवीन प्रभाकर ने मुख्य भूमिका निभाई है।
अपने इस नये प्रयास के बारे में सुनील ने बताया कि हास्य फिल्म बनाने का विचार हमेशा से उसके मन में रहा है। उन्होंने बताया कि मैंने लाफ्टर चैलेंज के उन हास्य कलाकारों को लेकर फिल्म बनाने को सोचा जिनसे मेरी दोस्ती हो गई थी। मेरी फिल्म में 54 अभिनेता हैं और सभी पुरुष हैं।
अपने बारे में सुनील ने बताया कि भावनाओं को समझो हास्य और भावनात्मक फिल्म है। यह युवा वर्ग को ध्यान में रखकर बनाई गई है। पहली बार फिल्म में अभिनय कर रही संघमित्रा अभिनेता नवीन प्रभाकर की नायिक बनी हैं। आईटम गर्ल राखी सावंत ने भी फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई है।
सुनील ने बताया कि टीवी शो में एक हास्य कलाकार के रूप में काम करने के कारण उनके लिए फिल्म बनाना आसान हो गया। उन्होंने बताया कि मैंने एक फिल्म निर्माता के सभी कार्य किए हैं जैसे पटकथा लिखना, संपादन करना, संवाद लिखना और फिल्म का निर्देशन करना।
सुनील इस फिल्म की शूटिंग पूरी कर और इस साल के अंत तक इसे रिलीज कर गिनीज बुक आफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराने की योजना बना रहे है। उन्होंने बताया यह पहला मौका है जब कोई ऐसी फिल्म बन रही है जिसमें मेरे जैसे ही सभी हास्य कलाकार हैं। फिल्म में महिला हास्य कलाकार भी है। यह अपनी तरह का एक रिकार्ड है और मेरी सरकार से गुजारिश है कि गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने में वह मेरी सहायता करे।
एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि उनकी फिल्म साफ सुथरी है और इसमें कोई अश्लील दृश्य नहीं है। उन्होंने बताया कि यदि लोग इस फिल्म को अपने परिवार के बिना देखेंगे तो पछताएंगे।