
मुंबई। एड्स पर बनी फरहान अख्तर की लघु फिल्म पोजिटिव के बाद अभिनेता अर्जुन माथुर अब जोया अख्तर निर्देशित फिल्म लक बाय चांस में महत्वपूर्ण भूमिका में दिखेंगे। फरहान जोया के भाई हैं।
अर्जुन ने कहा कि इस फिल्म में मैं अभिमन्यु नाम के रंगमंच और टेलीविजन कलाकार की भूमिका निभा रहा हूं। यह भूमिका छोटी, लेकिन मजेदार है। पोजिटिव में शबाना आजमी और बोमन ईरानी के बेटे की भूमिका निभा चुके अर्जुन ने मीरा नायर की लघु फिल्म माइग्रेशन में इरफान खान के गे प्रेमी की भूमिका निभाई थी।
जाने-माने रंगमंच निर्देशक बैरी जॉन और न्यूयार्क स्थित ली स्ट्रेसबर्ग थिएटर एंड फिल्म इंस्टीटयूट से प्रशिक्षित अर्जुन ने पिछले दिनों एक सामाजिक विषय पर आधारित लघु फिल्म मुंबई कटिंग की शूटिंग भी पूरी कर ली है।
अर्जुन को लगता है कि लघु फिल्में उनका पीछा नहीं छोड़ेंगी। फरहान और मीरा के साथ एड्स पर आधारित दो लघु फिल्मों में काम कर चुके अर्जुन ने राजेश मेनन की बारह आना में भी अभिनय किया है। इस फिल्म में अर्जुन एक वेटर (बैरा) की भूमिका में हैं, जबकि विजय राज चौकीदार और नसीरूद्दीन शाह चालक के किरदार में हैं।